1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तिरंगे के लिए प्रोटोकॉल तोड़ा, बारिश के बावजूद पूरी की तिरंगा यात्रा, युवाओं को दिया देशभक्ति का संदेश

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तिरंगे के लिए प्रोटोकॉल तोड़ा, बारिश के बावजूद पूरी की तिरंगा यात्रा, युवाओं को दिया देशभक्ति का संदेश

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 09, 2026 01:41 pm IST,  Updated : Aug 09, 2026 01:43 pm IST

तिरंगा यात्रा के दौरान बारिश होने लगी, लेकिन सीएम मोहन यादव नहीं रुके। वह टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान वह प्रोटोकॉल तोड़कर बच्चों से भी मिले।

CM Mohan Yadav- India TV Hindi
तिरंगा यात्रा के दौरान सीएम मोहन यादव Image Source : X/@DRMOHANYADAV51

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव का एक ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसने हर उम्र के लोगों, खासकर युवाओं के बीच देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सबसे पहले अपने निवास पर तिरंगा फहराया और फिर निवास से बुलेट पर सवार होकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और बारिश के बावजूद टीटी नगर स्टेडियम तक पहुंचे और यहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यहां सीएम यादव ने छात्रों, युवाओं और नागरिकों को संबोधित भी किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने निवास पर तिरंगा फहराकर प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद वे अपनी सुरक्षा में तैनात जवानों और निवास के स्टाफ के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

बुलेट पर सवार हुए सीएम यादव

तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जी का एक अलग और सहज अंदाज देखने को मिला। वह खुद बुलेट पर सवार होकर अपने निवास से निकले। बारिश शुरू हो गई, लेकिन मुख्यमंत्री का संकल्प नहीं बदला। वह तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। बारिश के बीच भी उन्होंने यात्रा जारी रखी। उनके लिए यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और युवाओं को देशभक्ति से जोड़ने का अवसर था। बारिश की बूंदों के बीच लहराता तिरंगा इस यात्रा का सबसे खूबसूरत दृश्य बन गया। सीएम यादव ने इस दौरान अपना प्रोटोकॉल भी पीछे छोड़ दिया। रास्ते में बच्चों को देखकर वे रुके, उनसे संवाद किया और उन्हें तिरंगा भेंट किया। मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार लोगों के बीच खासा चर्चा का विषय बना।

बच्चों से मुख्यमंत्री का दिलचस्प संवाद

मुख्यमंत्री यादव ने बच्चों से कहा, “बच्चों बारिश हो रही है, आप सब भीग जाओगे।” बच्चों ने भी पूरे उत्साह से जवाब दिया कि “हमें बारिश में भीगना पसंद है।” बच्चों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री खुद उनके साथ पैदल चल पड़े। यह पल तिरंगा यात्रा का सबसे भावुक और यादगार दृश्य बन गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव का बुलेट पर सवार होना, बारिश में भी तिरंगा यात्रा जारी रखना और रास्ते में बच्चों के साथ पैदल चलना सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इससे यह संदेश भी गया कि नेतृत्व सिर्फ मंच से भाषण देने का नाम नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनके साथ चलने का नाम है।

घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया

सीएम यादव ने तिरंगा यात्रा के माध्यम से प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। तिरंगा महज ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उनका संदेश स्पष्ट है कि जब युवा अपने कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे, तभी भारत और मध्यप्रदेश नई ऊंचाइयों को छूएगा। सीएम आवास से शुरू हुई यह यात्रा बारिश के बीच आगे बढ़ती रही और टीटी नगर स्टेडियम पहुंची। रास्ते में मिले बच्चों और नागरिकों का उत्साह इस बात का प्रतीक रहा कि तिरंगे के साथ जुड़ने के लिए मौसम नहीं, मन में देशभक्ति जरूरी है।

सीएम की यात्रा से युवाओं को संदेश

भोपाल की सड़कों पर मुख्यमंत्री का यह अंदाज एक बड़ा संदेश छोड़ गया। देशभक्ति किसी औपचारिक कार्यक्रम की मोहताज नहीं है, यह दिल में हो, तो बारिश में भी कदम नहीं रुकते, प्रोटोकॉल भी पीछे छूट जाता है और नेता भी जनता के साथ पैदल चल पड़ता है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की यह तिरंगा यात्रा युवाओं के लिए यही संदेश लेकर आगे बढ़ी कि तिरंगा हमारे गौरव का प्रतीक है और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही नए भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

यह भी पढ़ें-

एक्शन मोड में सीएम मोहन यादव, शिकायतें सुनते-सुनते CMHO सहित तीन को किया सस्पेंड

7वें अंतर्राष्ट्रीय नवकरणीय ऊर्जा सम्मेलन में शामिल हुए CM मोहन यादव, बताई MP की उपलब्धियां, दिल्ली मेट्रो से किया सफर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।