1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. टीम इंडिया की जीत पर CM मोहन यादव ने जताई खुशी, बोले- 'हर खिलाड़ी ने निभाई अपनी-अपनी भूमिका'

टीम इंडिया की जीत पर CM मोहन यादव ने जताई खुशी, बोले- 'हर खिलाड़ी ने निभाई अपनी-अपनी भूमिका'

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Mar 09, 2026 01:37 pm IST,  Updated : Mar 09, 2026 01:37 pm IST

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस जीत के लिए हर खिलाड़ी ने अपनी-अपनी भूमिका निभाई है।

सीएम मोहन यादव। - India TV Hindi
सीएम मोहन यादव। Image Source : PTI/FILE

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा T-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मुकाबला जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम और समस्त राष्ट्रवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैच देखने के पश्चात मैच के विजयी क्षण में उल्लास व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस विजय का हकदार था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय क्रिकेटर सर्वश्रेष्ठ थे और सर्वश्रेष्ठ हैं। वे वर्ल्ड चैम्पियन की तरह ही खेले, एक बार फिर यह सिद्ध हो गया है कि अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्र प्रेम के भाव के साथ खेलते हुए खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल होते हैं। वर्ष 2024 में लगभग 2 वर्ष पूर्व भी भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हरा कर वर्ल्ड कप जीता था। आज न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने क्रिकेट के इतिहास में पुनः गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया है। यह बहुत हर्ष और गर्व का क्षण है।

सभी खिलाड़ियों ने दिया सूझबूझ का परिचय

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दर्शकों ने भी जिस राष्ट्र प्रेम का परिचय दिया और खिलाड़ियों का प्रोत्साहन किया है वो बेमिसाल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं को भी श्रेष्ठ खिलाड़ियों के चयन के लिए हार्दिक बधाई दी है। डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार, अभिषेक शर्मा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंडया, अर्शदीप, किशन और संजय सैमसन और टीम के सभी खिलाड़ियों ने अच्छे खेल के साथ सूझबूझ का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्रिकेट सहित सभी खेलों और खिलाड़ियों का हौसला निरंतर बढ़ाया है। भारत के जांबाज, प्रतिभाशाली और राष्ट्र का मान बढ़ाने वाले क्रिकेट खिलाड़ियों को पूरा राष्ट्र बधाई दे रहा है।

एक्स पर पोस्ट कर दी बधाई

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट करके भी टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, "टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत से रंग पंचमी पर पूरे देश में दीपावली का उत्साह और उल्लास है। T-20 World Cup 2026 जीतने की भारतीय क्रिकेट टीम और संपूर्ण देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।