1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,240 नए मामले सामने आए, 30 की मौत

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,240 नए मामले सामने आए, 30 की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 11, 2020 10:43 pm IST,  Updated : Sep 11, 2020 10:43 pm IST

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के एक दिन में सबसे ज्यादा 2240 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 83,619 तक पहुंच गई है।

Madhya Pradesh Coronavirus Death, Madhya Pradesh Coronavirus, Indore Coronavirus- India TV Hindi
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के एक दिन में सबसे ज्यादा 2240 नए मामले सामने आए हैं। Image Source : INDIA TV

भोपाल: मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के एक दिन में सबसे ज्यादा 2240 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 83,619 तक पहुंच गई है। मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 30 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि नई मौतों के साथ ही सूबे में वायरस के चलते अपनी जान गंवाने वाले लोगों का कुल आंकड़ा बढ़कर 1,691 तक पहुंच गया है।

कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें इंदौर में

स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर में 6, ग्वालियर में 5, भोपाल में 4, जबलपुर, सागर, विदिशा, शहडोल एवं हरदा में 2-2 और शिवपुरी, रतलाम, धार, दमोह एवं नरसिंहपुर में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 444 मरीजों की मौत इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 319, उज्जैन में 83, सागर में 69, जबलपुर में 106, ग्वालियर में 79, बुरहानपुर में 25, खंडवा में 26, रतलाम 28 एवं खरगोन में 33 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’

अब तक 62,936 मरीज हुए ठीक
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस के सबसे अधिक 326 नए मामले इंदौर जिले में आए हैं, जबकि भोपाल में 235, ग्वालियर में 188, जबलपुर में 170 , नरसिंहपुर 66 एवं खरगोन में 63 नए मामले आए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 83,619 संक्रमितों में से अब तक 62,936 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 18,992 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को 1651 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 6,484 कंटेनमेंट जोन्स हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।