भोपाल: मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 304 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,52,186 तक पहुंच गई है। सूबे के एक स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले राजधानी भोपाल से सामने आए, जबकि इंदौर दूसरे नंबर पर रहा। अधिकारी ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 7 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे संक्रमण के चलते अपनी जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 3,763 हो गई है।
Related Stories
‘इंदौर में अब तक 920 लोगों की मौत’
स्वास्थ्य अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते इंदौर एवं ग्वालियर में 2-2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा भोपाल, छिंदवाड़ा एवं दमोह में एक-एक मरीज की जान गई है।’ उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा मौतें इंदौर में हुई हैं जहां संक्रमण के चलते अब तक 920 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, ‘भोपाल में 599, उज्जैन में 104, सागर में 149, जबलपुर में 249 एवं ग्वालियर में 219 लोगों की मौत हुई है। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई है।’
‘भोपाल में 74 नए लोगों में मिला वायरस’
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 35 नए मामले इंदौर में आए, जबकि राजधानी भोपाल में कुल 74 नए लोगों में इस बीमारी का पता चला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 2,52,186 संक्रमितों में से अब तक 2,42,691 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 5,732 मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को 725 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।