1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 337 नए मामले, 13 जिलों में एक भी नया केस नहीं

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 337 नए मामले, 13 जिलों में एक भी नया केस नहीं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 12, 2021 08:49 pm IST,  Updated : Jun 12, 2021 09:01 pm IST

मध्य प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 337 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 7,87,909 तक पहुंच गई।

Madhya Pradesh Coronavirus Death, Madhya Pradesh Coronavirus, Indore Coronavirus- India TV Hindi
मध्य प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 337 नए मामले सामने आए। Image Source : INDIA TV

भोपाल: मध्य प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 337 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 7,87,909 तक पहुंच गई। प्रदेश में 3 महीने से अधिक समय बाद कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 400 से कम आए हैं। इसके पहले 2 मार्च को प्रदेश में 331 नए मामले आए थे, जबकि 3 मार्च को 417 नए मामले आए थे। इसके बाद से संक्रमण के मामलों की संख्या में बढ़ोत्तरी शुरू हो गई थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि शनिवार को सूबे के 52 में से 13 जिलों में एक भी नया केस नहीं मिला।

‘13 जिलों में एक भी नया संक्रमित नहीं’

मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण में 24 और लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक इस घातक बीमारी से मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 8,534 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि प्रदेश के 52 जिलों में से 13 जिलों शिवपुरी, सीहोर, कटनी, सीधी, बालाघाट, झाबुआ, टीकमगढ़, सिवनी, मंडला, गुना, खंडवा, अलीराजपुर, एवं भिंड में पिछले 24 घंटों में एक भी नया कोरोना संक्रमित व्यक्ति नहीं पाया गया।

‘सबसे ज्यादा 96 नए मामले इंदौर में’
स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 96 नए मामले इंदौर में सामने आए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा राजधानी भोपाल में 93 एवं जबलपुर में 23 नए संक्रमित मिले। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कुल 7,87,909 संक्रमितों में से अब तक 7,74,600 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। उन्होंने बताया कि वायरस से संक्रमित 4,775 मरीजों का इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को 985 मरीजों ने कोरोना वायरस के संक्रमण को मात दी और स्वस्थ हो गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।