भोपाल: मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 691 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही सूबे में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,70,690 तक पहुंच गई है। नए मामलों में सबसे ज्यादा भोपाल में सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटे में इस बीमारी से 12 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है। नई मौतों को मिलाकर मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,941 हो गई है।
Related Stories
‘सबसे ज्यादा 681 मौतें इंदौर में’
मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर एवं राजगढ़ में 2-2 तथा जबलपुर, होशंगाबाद, बैतूल एवं दमोह में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।’ अधिकारी ने बताया कि सूबे में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 681 मौतें इंदौर में हुई हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे नंबर पर भोपाल है जहां अब तक संक्रमण से 476 लोगों की जान गई है। स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, ‘इसके अलावा उज्जैन में 97, सागर में 124, जबलपुर में 203 एवं ग्वालियर में 161 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’
अब तक 1,58,455 मरीज हुए ठीक
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 180 नए मामले भोपाल जिले में आए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा इंदौर में 108 एवं ग्वालियर में 65 नए मामले मिले हैं। अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में कुल 1,70,690 संक्रमितों में से अब तक 1,58,455 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 9,294 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 1,074 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।