1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का आक्रोश थामने में जुटी BJP, आशुतोष तिवारी के नामांकन में जुटेंगे दिग्गज

दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का आक्रोश थामने में जुटी BJP, आशुतोष तिवारी के नामांकन में जुटेंगे दिग्गज

 Published : Jul 12, 2026 09:32 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 09:32 pm IST

दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले हाई-प्रोफाइल उपचुनाव के लिए बीजेपी के आधिकारिक उम्मीदवार आशुतोष तिवारी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

Narottam Mishra- India TV Hindi
नरोत्तम मिश्रा Image Source : PTI

दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी के आधिकारिक उम्मीदवार आशुतोष तिवारी सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन में बीजेपी के दिग्गज नेता शामिल होंगे। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में टिकट से वंचित किए गए राज्य के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का आक्रोश खत्म कर उन्हें साधने की कोशिशों के तहत रविवार को यहां मैराथन बैठकें कीं। पार्टी नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मैदान में डट जाने का आह्वान किया। 

सीएम समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

आशुतोष तिवारी सोमवार को यहां कलेक्टर कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्यप्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और नरोत्तम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता वहां मौजूद रहेंगे। बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि नामांकन दाखिल करने के बाद दोपहर एक बजे किला चौक पर विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसे पार्टी के सभी सीनियर नेता संबोधित करेंगे।

नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर बवाल

नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने पर उनके समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला था और कुछ स्थानों पर इसने हिंसक स्वरूप भी ले लिया था, जिसमें पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारी चोटिल हो गए थे। इन घटनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने मिश्रा से भोपाल में चर्चा की और कार्यकर्ताओं के आक्रोश को खत्म करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को दतिया भेजा। पार्टी नेताओं के मुताबिक, खंडेलवाल, महेंद्र सिंह, देवड़ा, कृषि मंत्री और जिला प्रभारी ऐदल सिंह कंसाना और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए एक साथ और फिर कुछ अलग-अलग बैठकें कीं तथा कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया।

30 जुलाई को होगी वोटिंग

पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन सर्वोच्च है और उसके फैसले को स्वीकार करते हुए तिवारी के पीछे मजबूती से खड़े होना है। कांग्रेस ने 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए दतिया राजघराने से ताल्लुक रखने वाले पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।  खंडेलवाल ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नरोत्तम मिश्रा ने लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय रहकर विकास कार्य किया है और लोगों का दिल जीता है, लेकिन पार्टी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया है। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा की ओर से दतिया में कराए गए विकास कार्यों के आधार पर बीजेपी इस उपचुनाव में जनता के बीच जा रही है। खंडेलवाल ने भरोसा जताया कि बीजेपी दतिया सीट कांग्रेस से छीनेगी और आशुतोष तिवारी भारी बहुमत से विजयी होंगे। 

2023 का चुनाव हार गए थे नरोत्तम मिश्रा

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था। हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी। बाद में भारती को जमानत मिल गई। उपचुनाव कार्यक्रम के अनुसार, दतिया विधानसभा सीट पर मतदान 30 जुलाई को होगा और मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी। 

ये भी पढ़ें:

दतिया में नरोत्तम मिश्रा समर्थकों पर बड़ी कारवाई, हिंसा करने वाले 27 नेताओं पर FIR दर्ज
दतिया में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से बवाल, जमकर पथराव, आंसू गैस के गोले दागने पड़े, एक समर्थक ने किया आत्मदाह का प्रयास

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।