मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही पल में पूरा परिवार उजड़ गया। आस्था लेकर मंदिर जा रहे एक परिवार को बेहद दर्दनाक हादसा झेलना पड़ा, जिसमें पति-पत्नी सहित उनके पांच महीने के बच्चे की मौत हो गई। शाजापुर के सांरगपुर-सलसलाई हाईवे पर गोदना के पास सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका पांच महीने का मासूम बेटा शामिल है।
कैसे हुआ हादसा
शनिवार ये दर्दनाक हादसा सलसलाई थाना क्षेत्र के गोदना के पास हुआ, जहां एक बाईक को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, जब परिवार मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था, तभी बाइक के सामने अचानक एक लावारिस कुत्ता आ गया जिसे बचाने की कोशिश में बाइक चालक ने अचानक बाइक मोड़ी और संतुलन खो दिया और मोटरसाइकिल सामने से आ रही पिकअप वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक से मंदिर जा रहे पति-पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों में पांच महीने का मासूम बच्चा भी शामिल
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक पांच माह का मासूम भी शामिल है। मृतकों की पहचान अजीत पंवार, पत्नी पूजा पंवार और पांच महीने के बेटे शिवांशु पंवार के रूप में हुई है। तीनों ही सीहोर के आष्टा नगर की इंद्रा कॉलोनी के रहने वाले थे। अजीत अपने परिवार के साथ शनिवार को बोलाई गांव से अय्यापुर मंदिर दर्शन के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि बेटे शिवांशु के पांच महीने पूरे होने के मौके पर दोनों पति-पत्नी मंदिर में पूजा-अर्चना करना चाहते थे। लेकिन, मंदिर पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह हादसा हो गया और तीनों की मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया
हादसे के तुरंत बाद तीनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, 'परिवार अपने बच्चे के साथ मंदिर दर्शन करने जा रहा था। तीनों रास्ते में ही थे कि अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया, जिसे बचाने की कोशिश में अजीत ने अचानक बाइक मोड़ दी और सामने से आ रहे पिकअप वाहन टकरा गया।'
पिकअप चालक फरार, पुलिस ने दोनों वाहन जब्त किए
हादसे के बाद पिकअप चालक तुरंत ही मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने मौके से नों वाहनों को जब्त कर लिया है। साथ ही, अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से वाहन चालक की तलाश कर रही है। दूसरी तरफ तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और पुलिस फरार पिकअप चालक का पता लगाने में जुटी है। (इनपुटः आईएएनएस)
ये भी पढ़ेंः सच बोलना पड़ा महंगा! रिश्वत पर सच बोलना पड़ा भारी, जल संसाधन विभाग के EE सीबी अहिरवार सस्पेंड