1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दतिया में 25000 वोटों से कांग्रेस की जीत का दावा, जीतू पटवारी बोले- नरोत्तम मिश्रा दोबारा लड़ते तो डबल से हारते

दतिया में 25000 वोटों से कांग्रेस की जीत का दावा, जीतू पटवारी बोले- नरोत्तम मिश्रा दोबारा लड़ते तो डबल से हारते

 Reported By: Anurag Amitabh Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Jul 13, 2026 09:39 am IST,  Updated : Jul 13, 2026 09:39 am IST

जीतू पटवारी ने दतिया सीट को लेकर कई बड़े दावे किए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि पार्टी 25000 वोटों से दतिया में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा पर भी तीखी टिप्पणी की है।

jitu patwari narrotam mishra- India TV Hindi
जीतू पटवारी और नरोत्तम मिश्रा। Image Source : PTI

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आगामी चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। इंडिया टीवी से खास बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि दतिया विधानसभा सीट पर इस बार कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है और पार्टी प्रत्याशी कम से कम 25 हजार वोटों के अंतर से चुनाव जीतेगा। जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस क्षेत्र की जनता अब बदलाव के मूड में है और कांग्रेस का हाथ का पंजा यहां भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगा।

नरोत्तम मिश्रा की रिवेंज पॉलिटिक्स को हराएगी दतिया की जनता

जीतू पटवारी ने दतिया के राजनीतिक माहौल पर बात करते हुए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दतिया में लंबे समय से नरोत्तम मिश्रा द्वारा रिवेंज पॉलिटिक्स खेली जा रही थी, जिससे स्थानीय लोग प्रताड़ित और परेशान थे। पटवारी ने कहा, 'दतिया की जनता इस बार इस बदले की राजनीति को पूरी तरह खत्म करने और उसे हराने के लिए तैयार बैठी है।' नरोत्तम मिश्रा के पुराने बयानों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मिश्रा ने पहले जनता से कहा था कि समंदर के बाहर घर मत बना लेना, फिर बाद में कहा कि घर बना लेना। अब दतिया की जनता सच में अपना घर बना रही है और इस तानाशाही का अंत करने जा रही है। बता दें, दो दिन पहले नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी और इस मामले में 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

बीजेपी के अंदरूनी कलह और मुख्यमंत्री की भूमिका पर उठाए सवाल

इंटरव्यू के दौरान जब जीतू पटवारी से नरोत्तम मिश्रा के राजनीतिक घटनाक्रम और टिकट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से भाजपा का अंदरूनी मामला है। हालांकि उन्होंने यह जरूर जोड़ा कि इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री ने एक खास रोल प्ले किया है। पटवारी ने तंज कसते हुए कहा, 'यह भाजपा के अंदर का मामला है कि मुख्यमंत्री कैसा रोल प्ले करना चाहते हैं। आज बीजेपी के अंदर भारी अराजकता का माहौल है। पार्टी में नेताओं का एक-दूसरे पर से विश्वास पूरी तरह उठ चुका है और यह अविश्वास अब पराकाष्ठा से भी ऊपर चला गया है।'

परिवर्तन की राह पर मध्य प्रदेश

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि अगर भाजपा के पिछले चुनाव लड़े मंत्री इस बार भी मैदान में उतरते, तो वे अपनी पिछली हार के मुकाबले दोगुने वोटों से हारते। उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि भाजपा के अंदर क्या चल रहा है, बल्कि असली बात यह है कि मध्य प्रदेश के लोग अब पूरी तरह से परिवर्तन चाहते हैं। दतिया को मां पीतांबरा माई की पवित्र धरती बताते हुए पटवारी ने कहा कि हर तरफ एक ही गूंज है। जनता इस बार फैसला करेगी कि मंदिर चोरी करने वालों को जिताना है या न्याय करने वालों को। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता न्याय का साथ देगी और पूरे प्रदेश में बदलाव की इस लहर का नेतृत्व दतिया करेगा।

ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से समर्थक नाराज, कई पार्षदों ने दिया इस्तीफा, NH-44 पर जाम लगाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।