1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. फ्रूट जूस के पैकेट में मिला मरा हुआ चूहा, पैकेट खोला तो परिवार के उड़े होश; सामने आया VIDEO

फ्रूट जूस के पैकेट में मिला मरा हुआ चूहा, पैकेट खोला तो परिवार के उड़े होश; सामने आया VIDEO

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 30, 2025 02:47 pm IST,  Updated : May 30, 2025 02:47 pm IST

इंदौर में एक फ्रूट जूस के पैकेट से मरा हुआ चूहा निकला है। पीड़ित ने इसका वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जूस के पैकेट में निकला मरा चूहा।- India TV Hindi
जूस के पैकेट में निकला मरा चूहा। Image Source : INDIA TV

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि फ्रूच जूस के पैकेट में मरा हुआ चूहा पड़ा हुआ है। पीड़ित ने इसका वीडियो बनाते हुए अपनी पीड़ा जाहिर की है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि फ्रूट जूस का यह पैकेट शख्स ने ऑनलाइन मंगवाया था। हालांकि जब पैकेट खोलकर देखा गया तो उसमें मरा हुआ चूहा निकला, जिससे हड़कंप मच गया। पीड़ित ने कंपनी के मेल पर शिकायत की है, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।

ऑनलाइन मंगाए थे दो पैकेट जूस

दरअसल, इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में रहने वाले व्यापारी विकास गोस्वामी ने ऑनलाइन शॉपिंग साइट से फ्रूट जूस के दो पैकेट ऑर्डर किए थे। इनमें से एक पैकेट में मरा हुआ चूहा मिलने का मामला सामने आया है। विकास गोस्वामी ने बताया कि उनकी भंवरकुआं इलाके में गिफ्ट की दुकान है। 1 मई को उन्होंने फ्रूट जूस के दो पैकेट ऑर्डर किए थे, क्योंकि पैकेट पर डिस्काउंट चल रहा था। उन्हें 4-5 मई को जूस के पैकेट डिलीवर हुए। इनमें से एक पैकेट उन्होंने परिवार के साथ पी लिया, जबकि दूसरा पैकेट फ्रिज में रख दिया।

पैकेट खोला तो निकला मरा चूहा

उन्होंने बताया कि 10-15 मई के बीच उन्होंने दूसरा पैकेट भी खोला और परिवार के साथ मिलकर जूस पिया। उनके परिवार में उनकी पत्नी और सात साल का बेटा भी शामिल हैं। जूस पीने के बाद पैकेट फिर से फ्रिज में रख दिया गया। हालांकि 25 मई को जब विकास ने फ्रिज से पैकेट निकाला, तो वह जम गया था। पैकेट को काटने पर परिवार दंग रह गया। जमे हुए जूस के अंदर एक काली वस्तु नजर आई, जिसे करीब से देखने पर पता चला कि वह मरा हुआ चूहा था। इस घटना के बाद परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। विकास ने इस पूरे वाकये का वीडियो भी बनाया और संबंधित कंपनी को मेल कर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि कंपनी की ओर से जो जवाब मिला, वह उन्हें संतोषजनक नहीं लगा। (इनपुट- भरत पाटिल)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।