मध्य प्रदेश के मंडला स्थित कान्हा नेशनल पार्क में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक नक्सली को मारा गिराया गया। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में पुलिस के एक दल और 18 से 20 नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। कई घंटों चली मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
दो नक्सल समर्थकों को किया गया गिरफ्तार
एसपी मंडला रजत सकलेचा ने कहा कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की टीमें जंगल में पहुंच गई। जहां 18-20 नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। इसके बाद एक नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है। नक्सलियों के दो समर्थकों को भी गिरफ्तार किया गया है। जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में दो नक्सलियों ने किया सरेंडर
वहीं, दूसरी ओर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में दो इनामी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में दो नक्सलियों सुखराम फरसीक और पंडरू फरसीक ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने बताया कि सुखराम प्रतिबंधित माओवादी संगठन के गंगालूर एरिया कमेटी पार्टी का सदस्य है और पंडरू, बुरजी रिवोल्यूशनरी पार्टी कमेटी (आरपीसी) के तहत जनताना सरकार का प्रमुख है। दोनों नक्सलियों के सिर पर एक-एक लाख रुपए का इनाम है।
सरकार अब देगी ये खास सुविधाएं
अधिकारियों ने कहा कि नक्सलियों ने राज्य शासन की नक्सल उन्मूलन नीति, और नियद नेल्लानार (आपका अच्छा गांव) योजना से प्रभावित होकर तथा माओवादियों की क्रूर विचारधारा से तंग आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि आत्मसमर्पण करने पर नक्सलियों को 25-25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। इन्हें राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं का भी लाभ दिया जाएगा। (भाषा के इनपुट के साथ)