नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां सोमवार शाम को मटकुली-पिपरिया मार्ग पर एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों (पति-पत्नी और 8 वर्षीय बच्चे) समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक सवार को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
पिपरिया थाना प्रभारी मदनलाल पवार से मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो जीप तामिया से मटकुली की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बोलेरो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। गाड़ी की रफ्तार तेज होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतकों और घायलों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए लोगों की पहचान इस प्रकार है:
मृतकों के नाम:
- प्रदीप धुर्वे (48 वर्ष)- निवासी: बंजारा ड्रीम, नर्मदापुरम
- ज्योति धुर्वे (प्रदीप धुर्वे की पत्नी)- निवासी: बंजारा ड्रीम, नर्मदापुरम
- अक्षत धुर्वे (8 वर्ष) (प्रदीप धुर्वे का बेटा)- निवासी: बंजारा ड्रीम, नर्मदापुरम
- पंचम ठाकुर (55 वर्ष)- निवासी: समनापुर
- कुलदीप ठाकुर (40 वर्ष)- निवासी: झिरपा करेर
घायलों के नाम (अस्पताल में उपचाराधीन):
- आकाश धुर्वे (25 वर्ष)- निवासी: समनापुर
- शरद उइके (21 वर्ष)- निवासी: समनापुर
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक दृष्टि में दुर्घटना की वजह बाइक सवार को बचाना ही सामने आई है।
बीकानेर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
बीकानेर में भी एक दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक हादसा श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के हेमासर फांटा के पास उस समय हुआ, जब एक कार की सामने से आ रहे डंपर ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस के मुताबिक कार में सवार लोग मुकाम स्थित जंभेश्वर मंदिर के दर्शन कर हरियाणा लौट रहे थे। (इनपुट- अब्दुल सलीम)
यह भी पढ़ें-
TMC नेता कुणाल घोष पर फेंके गए अंडे, ममता बनर्जी के घर के बाहर हमला; सामने आया VIDEO