खंडवाः मध्य प्रदेश के खंडवा में दर्दनाक मौत का एक लाइव वीडियो सामने आया है। दरअसल, जिले के हरसूद-छनेरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिसमें 18 वर्षीय युवती की जान चली गई। साइकिल से घर लौट रही युवती को पहले तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मारी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रहे ट्रैक्टर के नीचे आ गई।
साइकिल से लौट रही 18 वर्षीय छात्रा की मौके पर गई जान
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज सामने आए, जिससे हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो गई। फुटेज में युवती अपनी साइड में साइकिल चलाते हुए दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक बाइक सवार ट्रैक्टर को ओवरटेक करते हुए तेज गति से आया और उसने युवती को टक्कर मार दी।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है, कि टक्कर लगते ही युवती उछलकर सड़क पर गिर गई। उसी समय पीछे से आ रहा ट्रैक्टर उसके ऊपर से गुजर गया। मौके पर मौजूद लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 18 वर्षीय संस्कृति पिंजारा के रूप में हुई।
यहां देखें वीडियो
घर लौट रही छात्रा की मौत
जानकारी के अनुसार वह खेत से घर लौट रही थी। परिवार तरबूज की फसल निकाल रहा था और उसे शाम के भोजन की तैयारी के लिए पहले घर भेजा गया था। हरसूद थाना पुलिस कि जांच में बाइक और ट्रैक्टर दोनों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और चालकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिसकर्मी की मौत
वहीं, रायसेन में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से स्कूटी की भिड़ंत में एक पुलिस आरक्षक की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे रायसेन बाईपास स्थित गोपालपुर चौराहे पर हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमलेश खरपुसे ने बताया कि मृतक पुलिस आरक्षक की पहचान नर्मदापुरम निवासी नमन मुदगल (23) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि नमन मुदगल गोपालपुर चौराहे की ओर से पुलिस लाइन स्थित अपने आवास लौट रहे थे और उनके साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ स्टेनोग्राफर ललित मार्को भी थे।
रिपोर्ट: प्रतीक मिश्रा, खंडवा