भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्त के घर बर्थडे मनाने के लिए गया था, जहां उसके अलावा अन्य दोस्त भी मौजूद थे। रात में केक काटने के बाद सभी ने पार्टी भी की। पार्टी के बाद सभी दोस्त सड़क पर खड़े थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच दो बाइक पर सवार होकर छह बदमाश आए और अमित पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस फायरिंग में अमित को दो गोली लगी है, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बदमाशों ने की छह राउंड फायरिंग
बता दें कि पूरा मामला भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र का है। यहां लीलाधर कॉलोनी में शनिवार देर रात को अमित वर्मा नाम के 22 साल के लड़के को गोली मार दी गई। इसमें नसीम बन्ने खां और उसके साथियों पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है अमित अपने दोस्त का बर्थडे सेलिब्रेट कर रहा था। इसी दौरान दो बाइक से आए 6 बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की वजह से अमित वर्मा के पेट और सिर में दो गोलियां लगी हैं, जिसके उसकी मौत हो गई।
दो गोलियां लगने से हुई मौत
दरअसल अमित उम्र 22 साल, बरखेड़ी फाटक गली नंबर 2 खटिकपुरा में रहता था। वह एक गारमेंट शॉप में नौकरी करता था। इस दौरान लीलाधर कॉलोनी में उसके दोस्त आशु खटीक का जन्मदिन था। वह दोस्त का बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए अपने अन्य दोस्तों के साथ आशु के घर गया था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात 12 बजे वह अपने दोस्त के घर पहुंचा। यहां पर जब दोस्तों ने केक काटा और उसके बाद पार्टी की। पार्टी के बाद ये लोग सड़क पर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच इलाके के बदमाश नसीम और उसके साथियों ने अमित पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।