1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. गुना में तस्करों की बेकाबू कार का कहर, पति-पत्नी की मौके पर मौत, मासूम घायल

गुना में तस्करों की बेकाबू कार का कहर, पति-पत्नी की मौके पर मौत, मासूम घायल

 Written By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1
 Published : Jul 18, 2026 09:34 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 09:42 pm IST

मध्य प्रदेश के गुना जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। डोडा चूरा तस्करों का पीछा कर रही टीम से बचने के लिए भाग रही तेज रफ्तार कार ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी।

Guna, accident- India TV Hindi
गुना हादसा Image Source : REPORTER INPUT

गुना: गुना के कैंट थाना क्षेत्र के मावन में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की टीम से बचकर भाग रहे डोडा चूरा तस्करों ने अपनी तेज रफ्तार कार से दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी चालक अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। कुछ ग्रामीण भी इस हादसे में घायल हुए हैं।

ट्रक पकड़ने पहुंची थी नारकोटिक्स टीम

जानकारी के मुताबिक केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की टीम खुफिया सूचना के आधार पर डोडा चूरा से भरे एक ट्रक को पकड़ने के लिए गुना पहुंची थी। नारकोटिक्स विभाग की टीम ने मावन इलाके में घेराबंदी की और जिस वक्त ट्रक का ड्राइवर एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवा था उसी वक्त उसे पकड़ लिया। नारकोटिक्स टीम द्वारा पकड़ने जाने पर हड़कंप मच गया। इस बीच ट्रक को एस्कॉर्ट करने वाली कार में सवार लोगों को जैसे ही पता चला कि नारकोटिक्स विभाग की टीम ने ट्रक को पकड़ लिया है, कार चालक ने कार को मोड़ लिया और गुना-अशोकनगर मार्ग की ओर भागने की कोशिश की।

भागने के दौरान मचाया कहर

इसी दौरान शाम करीब 7.30 बजे मावन से आगे एक मोड़ पर उसने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार ने घर के सामने खड़ी एक अन्य बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठा बच्चा छिटककर सड़क पर जा गिरा, जिसे गंभीर चोटें आई हैं। वहीं कार की चपेट में आने से घर के बाहर खड़े कुछ ग्रामीण भी घायल हुए हैं। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

वहीं इस भीषण हादसे के बाद नारकोटिक्स की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को तुरंत अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं कैंट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

106 किलो से ज्यादा का मादक पदार्थ जब्त

बता दें कि इससे पहले पिछले महीने गुना में पुलिस ने नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 106 किलो से ज्यादा का मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। गुना के म्याना थानाक्षेत्र में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी करते हुए एक सफेद फोर्स्ट ट्रेक्स वाहन को रोक लिया। पुलिस ने जंगली एरिया में ये कार्रवाई की। गाड़ी को रोके जाने पर ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

रिपोर्ट-रितेश सिंह राजपूत, गुना

ये भी पढ़ें:

ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के दौरान डूबने लगा बीटेक छात्र, रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी से टला हादसा, बचाई जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।