मध्यप्रदेश के गुना में पुलिस ने नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भांडाफोड़ करते हुए 106 किलो से ज्यादा का मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया है। इसी के साथ पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मामला गुना के म्याना थानाक्षेत्र का है, जहां पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी करते हुए एक सफेद फोर्स्ट ट्रेक्स वाहन को रोक लिया। पुलिस ने जंगली एरिया में ये कार्रवाई की। गाड़ी को रोके जाने पर ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
नाकाबंदी कर तस्कर को धर दबोचा
गुना में इन दिनों पुलिस एक्शन मोड में है और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत म्याना पुलिस ने 106 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। म्याना थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि फतेहगढ़-बमोरी मार्ग से एक सफेद वाहन में भारी मात्रा में डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन ने तत्काल विशेष टीम गठित की और ऊमरी-पाटई रोड पर नाकाबंदी कर दी।
106 किलो का डोडाचूरा जब्त
इसी नाकाबंदी के दौरान म्याना थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो 106 किलोग्राम से अधिक का डोडाचूरा राजस्थान से मध्यप्रदेश में भेजा जा रहा था। जब्त किए गए डोडाचूरा की कीमत 55 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान देव सिंह बंजारा (32) के रूप में हुई है, जो राजस्थान के बारां जिले के मदनखेड़ी गांव का रहने वाला है।
एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने मामले की सूचना देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद म्याना पुलिस थाने की एक टीम ने राजस्थान से आ रही एक गाड़ी को गोपालपुरा वन क्षेत्र में पीछा करने के बाद रोका। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव सिंह बंजारा के रूप में हुई है। आरोपी राजस्थान के बारां जिले के मदनखेड़ी गांव का रहने वाला है। वासल ने बताया कि वाहन में लदे 7 बोरों से 106.46 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। म्याना पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और अब गिरोह के बारे में विस्तृत जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ेंः 4 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, छत्तीसगढ़ में दस्तक दे सकता है मानसून, 5 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी