1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मजाक में देवर ने भाभी पर ताना कट्टा, दब गया ट्रिगर, मौत के बाद ससुरालवालों ने डीप फ्रीजर में छुपाया शव, फिर जो हुआ...

मजाक में देवर ने भाभी पर ताना कट्टा, दब गया ट्रिगर, मौत के बाद ससुरालवालों ने डीप फ्रीजर में छुपाया शव, फिर जो हुआ...

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 02, 2026 09:40 pm IST,  Updated : Jun 02, 2026 09:57 pm IST

पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद ससुराल वालों ने मृतका के शव को डीप फ्रीजर में छिपा दिया।

मृतका ज्योति कुशवाहा और आरोपी योगेश कुशवाहा- India TV Hindi
मृतका ज्योति कुशवाहा और आरोपी योगेश कुशवाहा Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां थाटीपुर थाना क्षेत्र के तृप्ति नगर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद बदनामी और पुलिस के डर से ससुराल वालों ने मृतका के शव को डीप फ्रीजर में छिपा दिया और रात के अंधेरे में अंतिम संस्कार करने की फिराक में थे। हालांकि, पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी और फिर इस साजिश का पर्दाफाश हुआ।

दरअसल, तृप्ति नगर निवासी कुशवाहा परिवार में दष्टोन (बच्चे के जन्म के बाद का उत्सव) कार्यक्रम चल रहा था। खुशियों के इस माहौल में मृतका ज्योति कुशवाहा का देवर योगेश कुशवाहा कट्टे से हर्ष फायरिंग कर रहा था। इसी दौरान गोली ज्योति को लग गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मायके वालों से बोला झूठ

महिला की मौत के बाद पुलिस और समाज के डर से पति मनोज कुशवाहा, देवर योगेश और अन्य परिजनों ने मिलकर सच छुपाने की साजिश रची। उन्होंने मृतका के मायके पक्ष, जो मूल रूप से भिंड जिले के लहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में बड़ौदा में रहते हैं, को फोन कर झूठ बोल दिया कि ज्योति की मौत छत से गिरने के कारण हुई है। इसके बाद, शव को ठिकाने लगाने के लिए घर पर एक डीप फ्रीजर मंगाया गया और शव को उसमें पूरी तरह ढककर छिपा दिया गया, ताकि रात होते ही गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार किया जा सके।

कुशवाहा परिवार अपनी साजिश में कामयाब हो जाता, लेकिन रात के समय घर में अचानक डीप फ्रीजर आता देख पड़ोसियों को गहरा शक हुआ। उन्होंने बिना देर किए तुरंत थाटीपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जब पुलिस ने घर की तलाशी ली, तो डीप फ्रीजर के अंदर ज्योति कुशवाहा का शव बरामद हुआ।

"मुझे लगा उसमें कारतूस नहीं है"

शव मिलने के बाद पुलिस ने जब मृतका के पति मनोज कुशवाहा से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सच उगल दिया। घटना के बाद आरोपी देवर योगेश कुशवाहा मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी योगेश ने बताया कि उसे लगा कि जिस हथियार से वह फायर कर रहा है, उसमें कारतूस नहीं है। उसने मजाक-मजाक में भाभी की तरफ हथियार का इशारा करते हुए ट्रिगर दबा दिया, लेकिन उसमें फंसी गोली सीधे ज्योति को जा लगी।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले भी बड़ौदा से ग्वालियर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को एक शिकायती आवेदन सौंपकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

थाटीपुर थाना पुलिस के अनुसार, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं पति और अन्य परिजनों को कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है। चूंकि शव को छुपाना और सबूत मिटाना भी एक गंभीर अपराध है, इसलिए पति और परिवार के अन्य सदस्यों पर भी मामला दर्ज किया गया है।

(रिपोर्ट- भूपेंद्र भदौरिया)

ये भी पढ़ें-

दो सरकारी बसों के बीच हुई टक्कर, पलटकर एक में लगी भीषण आग; 8 लोगों की मौत और कई घायल

AIIMS के डॉक्टरों की बड़ी उपलब्धि, 160 किलो के शख्स के पेट से निकाला 20.8 किलो का ट्यूमर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।