1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत में दो सरकारी बसों के बीच हुई टक्कर, पलटकर एक में लगी भीषण आग; 8 लोगों की मौत और कई घायल

सूरत में दो सरकारी बसों के बीच हुई टक्कर, पलटकर एक में लगी भीषण आग; 8 लोगों की मौत और कई घायल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 02, 2026 07:47 pm IST,  Updated : Jun 02, 2026 09:27 pm IST

सूरत के बारडोली तहसील के उवा गांव के पास दो बसों के बीच टक्कर हो गई। इस दौरान एक बस सड़क पर पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई।

दो बसों के बीच आमने-सामने की टक्कर।- India TV Hindi
दो बसों के बीच आमने-सामने की टक्कर। Image Source : REPORTER INPUT

गुजरात के सूरत जिले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारडोली तहसील के उवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की दो सरकारी बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 08 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना बारडोली तालुका के उवा गांव के पास हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई, जिससे कई यात्री बस के भीतर ही फंस गए।

बारडोली ग्रामीण पुलिस निरीक्षक पी. एन. जडेजा ने घटनास्थल पर संवाददाताओं को बताया, "दोनों बसें महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम की थीं। फिलहाल यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर आमने-सामने की थी या दोनों बसें एक ही दिशा में जा रही थीं। दुर्घटना के तुरंत बाद एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में 08 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 10 से अधिक घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया है।"

पुलिस अधिकारी ने आशंका जताई है कि कुछ और यात्री अभी भी आग लगी बस के अंदर फंसे हो सकते हैं। घटना की सूचना मिलते ही सूरत और पड़ोसी तापी जिले से भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की गाड़ियां लगातार आग बुझाने और लपटों पर काबू पाने में जुटी हैं।

बस पलटने से दो महिलाओं की मौत

एक अन्य खबर में गुजरात के राजकोट जिले के गोंडल कस्बे के पास 25 मई तड़के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराकर लौट रही एक निजी बस के पलटने से एक महिला और उसकी पुत्रवधू की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 20 अन्य यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना 25 मई तड़के करीब 4:30 बजे गोंडल तालुका के वोराकोटडा गांव के पास घटित हुई।

करीब 60 श्रद्धालुओं को लेकर यह निजी बस 24 मई सुबह गोंडल से बगदाणा समेत अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए रवाना हुई थी। 25 मई तड़के जब श्रद्धालु वापस लौट रहे थे, तब वोराकोटडा गांव के पास एक संकरी सड़क पर सामने से एक ट्रक आ गया। सड़क कम चौड़ी होने के कारण दोनों वाहन एक साथ नहीं गुजर सकते थे। ट्रक को रास्ता देने के लिए बस चालक ने जैसे ही गाड़ी को रिवर्स करना शुरू किया, वह दूरी का सही अनुमान नहीं लगा पाया। इसके बाद बस एलिवेटेड रोड से नीचे स्थित एक खेत में जाकर पलट गई।

(रिपोर्ट- शैलेष चांपानेरिया)

ये भी पढ़ें-

पंजाब आए ऑस्ट्रेलिया के रिटायर्ड टीचर गायब, 22 मई से फोन बंद; बेटी ने CM मान से लगाई मदद की गुहार

परिवहन विभाग के दफ्तरों में अचानक पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, बोलीं- "कमी सुधरेगी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।