1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ग्वालियर: नशे में पत्नी को पीटा, शिकायत करने थाने गई तो रास्ते में कार से बच्चा सहित कुचला, अस्पताल में भर्ती

ग्वालियर: नशे में पत्नी को पीटा, शिकायत करने थाने गई तो रास्ते में कार से बच्चा सहित कुचला, अस्पताल में भर्ती

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 17, 2024 05:33 pm IST,  Updated : Nov 17, 2024 06:51 pm IST

अरविंद नशे में नंदिनी से मारपीट करने लगा था। तीन दिन से दोनों के बीच जमकर झगड़ा हो रहा था। ऐसे में जब नंदनी पुलिस में शिकायत कर लौट रही थी तो आरोपी ने उसे कार से कुचल दिया।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PEXELS

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सनकी पति ने कार से पत्नी, 8 साल के बेटे और सास को कुचलकर मारने का प्रयास किया। इस घटना में पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है तो बेटे के मामूली चोटें आई हैं। वही सास बाल-बाल बच गई। घायल पत्नी का आरोप है कि पति ने अवैध संबंध के चलते इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने घायल पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वारदात को अंजाम देने के बाद पति कार सहित फरार हो गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

उत्तर प्रदेश के झांसी में चिरगांव की रहने वाली नंदिनी केवट करीब दो साल पहले अपने आठ साल के बेटे मयंक को लेकर पति को छोड़कर ग्वालियर आ गई थी। यहां उसने अपना ब्यूटी पार्लर खोला था। इस दौरान उसकी मुलाकात सिरोल की ऑरेंज वुड्स रेजीडेंसी फ्लैट नंबर 306 निवासी अरविंद परिहार से हुई थी। अरविंद ने खुद को ठेकेदार बताया था। दोनों में दोस्ती हो गई और डेढ़ साल पहले अरविंद और नंदिनी ने लव मैरिज कर ली। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन पिछले कुछ दिन से अरविंद नशे में नंदिनी से मारपीट करने लगा था। तीन दिन से दोनों के बीच जमकर झगड़ा हो रहा था। 

देर रात दर्ज कराई रिपोर्ट

नंदिनी ने मामले को सुलझाने के लिए अपने पिता बृजमोहन केवट और मां सुखदेवी को घर बुलाया था। जब वहां नहीं माना तो रात करीब 1 बजे घर से निकले और सिरोल थाना पहुंचकर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। जब देर रात नंदिनी अपने बेटे मनकू, मां सुखदेवी और पिता बृजमोहन के साथ वापस लौट रही थी। तभी पति अरविंद हुरावली तिराहे पर अपनी कार से आया और सीधे नंदिनी, उसके बेटे के साथ साथ सास को निशाना बनाकर टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नंदिनी वहीं गिर पड़ी। जबकि उसका बेटा और मां उछलकर दूसरी तरफ गिरे। 

राहगीर ने अपनी कार के जरिए बचाया

आरोपी अरविंद परिहार दो बार कार को बैक करके लाया और पत्नी पर चढ़ा दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जब यह हरकत वहां से गुजर रहे कार सवार ने देखी तो तत्काल बचाव करते हुए अपनी कार बीच में अड़ा दी। जिससे चौथी टक्कर उसकी कार में लगी और उसके बाद हमलावर पति कार से फरार हो गया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला उसके बेटे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां घायल महिला ने पति पर आरोप लगाते हुए बताया कि पति की जिंदगी में कोई पूजा नाम की महिला आ गई। उसके बाद से वह मुझे परेशान करने लगे और उसे और उसके बेटे को छोड़ने की बात करने लगे। इसी को लेकर रोज झगड़ा हो रहा था। वही पुलिस ने घायल महिला के शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

(ग्वालियर से भूपेन्द्र भदौरिया की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।