Saturday, February 21, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. हेमंत कटारे ने विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा, खड़गे को पत्र लिखकर बताई इसकी खास वजह

हेमंत कटारे ने विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा, खड़गे को पत्र लिखकर बताई इसकी खास वजह

Reported By : Anurag Amitabh Edited By : Dhyanendra Chauhan Published : Feb 21, 2026 07:08 am IST, Updated : Feb 21, 2026 07:29 am IST

कटारे शुक्रवार शाम 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद थे। अचानक सदन से बाहर निकले और मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया जिसे लेकर शाम तक सस्पेंस बना रहा। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हेमंत कटारे के इस्तीफे की पुष्टि की है।

हेमंत कटारे- India TV Hindi
Image Source : X/HEMANTKATAREMP हेमंत कटारे

मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा उन्होंने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा है। भिंड जिले के अटेर सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफा में लिखा है कि वह परिवार और क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पाने के कारण अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।

परिवार और क्षेत्र को नहीं दे पा रहे थे समय

इस संबंध में संगठन महासचिव डॉक्टर संजय कामले ने जानकारी देते हुए कहा कि हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों एवं समय की कमी का उल्लेख किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, इसी कारण उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र दिया है।

कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और रहेंगे

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हेमंत कटारे का यह इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, न कि पार्टी की सदस्यता से। वे कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ रहेंगे।

अभी स्वीकार नहीं किया गया इस्तीफा

उन्होंने बताया कि हेमंत कटारे के उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा स्वीकार किया जाए या नहीं, इसका अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विवेकाधिकार पर निर्भर है।

 किसी को नहीं पता था कि ऐसी बात होने वाली है- उमंग सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि, 'आप लोगों से जानकारी मिली है। मैं हाउस में था। परिवार की बात है, मामले की जानकारी लूंगा। साथी विधायकों ने बताया कि अच्छा काम कर रहे थे। अच्छा परफॉर्मेंस था। सबके साथ खाना खाया, लेकिन किसी साथी विधायक को नहीं पता था कि ऐसी बात होने वाली है। आश्चर्य की बात है कि मेरी जानकारी में कुछ भी बात नहीं है। उनका परिवार कांग्रेस का पुराना परिवार है। इस प्रकार का कोई कदम हेमंत कटारे तो नहीं उठाएंगे।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement