1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. यदि 2024 में कांग्रेस सरकार में आती है तो OBC के लाभ के लिए संविधान में संशोधन करेगी: कमलनाथ

यदि 2024 में कांग्रेस सरकार में आती है तो OBC के लाभ के लिए संविधान में संशोधन करेगी: कमलनाथ

 Edited By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Jan 05, 2023 11:34 pm IST,  Updated : Jan 05, 2023 11:34 pm IST

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में आएगी तो अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लाभ के लिए संविधान में संशोधन करेगी।

कमलनाथ- India TV Hindi
कमलनाथ Image Source : PTI

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में आएगी तो अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लाभ के लिए संविधान में संशोधन करेगी। कमलनाथ के बयान को प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले OBC समुदाय के बीच अपनी पार्टी की स्थिति मजबूत करने के संदर्भ में देखा जा रहा है। प्रदेश में 2023 के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर राज्य में ओबीसी समुदाय को धोखा देने का भी आरोप लगाया। 

'MP में सरकार थी तब मैंने OBC को 27% आरक्षण दिया था'

कमलनाथ ने सतना में अन्य पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा, ‘‘मैं वचन देता हूं कि जब भी हमारी सरकार केंद्र में आएगी, तब हम संविधान संशोधन करके हमारे पिछड़ा वर्ग की सही जनगणना करवाएंगे और पिछड़ा वर्ग को आरक्षण का लाभ सुनिश्चित करवाएंगे।’’ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘‘जब मध्य प्रदेश में (18 दिसंबर 2018 से 23 मार्च 2020 तक) हमारी सरकार थी तब मैंने ऐसा कौन सा पाप किया था कि मैंने पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया। लेकिन, भारतीय जनता पार्टी की नीयत खराब थी। भाजपा ने पिछड़ा वर्ग के साथ छल किया और मामले को अदालत में घसीट दिया।’’ 

"शिवराज ने क्या दिया आपको, सिर्फ झूठे वादे किए"

अपने मुख्यमंत्री काल की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘तब 15 साल बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी। जब मैं मुख्यमंत्री था तो हमने अपनी साफ नीयत और नीति का परिचय दिया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2003 से लेकर अब तक भाजपा ने 18 साल शासन किया है। 18 साल में और खासतौर से पिछले 3 साल में आपने (भाजपा) मध्यप्रदेश को दिया क्या? मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 20,000 घोषणाएं कीं। स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों का घोटाला किया। यह स्मार्ट सिटी की नहीं, यह स्मार्ट घोटालों की बात है।’’

कमलनाथ ने आरोप लगाया, ‘‘शिवराज सिंह चौहान तो स्वयं कहते हैं कि मैं (चौहान) तो घोषणा मशीन हूं। शिवराज सिंह चौहान घोषणा मशीन तो हैं ही, साथ में झूठ बोलने की भी मशीन हैं। वे अगर दिन भर में झूठ ना बोलें और कमलनाथ की आलोचना ना करें तो उनका खाना हजम नहीं होता।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जब ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ शुरू की तो उन्होंने कहा था कि इस यात्रा का कोई राजनीतिक लक्ष्य नहीं है। यह यात्रा तो देश को जोड़ने और देश की संस्कृति को बचाने की यात्रा है। कमलनाथ ने कहा, ‘‘हमने आजादी तो प्राप्त कर ली परंतु जब तक हमारे देश में सही जनगणना नहीं होगी, हमारे पिछड़े वर्ग की सही पहचान नहीं होगी।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।