मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक व्यक्ति द्वारा अपने पालतू कुत्ते को पड़ोसी के उपनाम से पुकारे जाने पर हुए विवाद को लेकर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस की टीम इस पूरे मामले पर जांच कर रही है।
दो लोगों की मौजूदगी में की टिप्पणी
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) निधि सक्सेना ने कहा राजेंद्र नगर क्षेत्र की शिव सिटी में 40 वर्षीय व्यक्ति गुरुवार रात अपनी पत्नी के साथ इस आवासीय टाउनशिप में टहल रहा था, तभी उसके एक पड़ोसी ने अपने दो साथियों की मौजूदगी में उसे अपमानित करने के लिए टिप्पणी की कि उसने अपने पालतू कुत्ते का नाम पड़ोसी के उपनाम पर रखा है।
महिला को कहे अपशब्द
उन्होंने कहा, 'यह बात सुनकर आरोपी के दोनों साथी हंसने लगे। शिकायतकर्ता की पत्नी ने जब इस बात पर आपत्ति जताई, तो आरोपी भड़क गया और उसने महिला को अपशब्द कहे।'
सिर पर आईं चोटें
एसीपी ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने आरोपी को उसकी पत्नी को गालियां देने से रोकने की कोशिश की, तो उसने उसे भी अपशब्द कहे और जोर से धक्का दे दिया जिससे उसका सिर बगीचे की दीवार से टकराया और उसे अंदरूनी चोट आई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।