1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में गुड़ खिला रहे ऑटो ड्राइवर को हाथी ने सूंड से उठाकर पटका, पैर से कुचला, मौत, CCTV में कैद हुई घटना

इंदौर में गुड़ खिला रहे ऑटो ड्राइवर को हाथी ने सूंड से उठाकर पटका, पैर से कुचला, मौत, CCTV में कैद हुई घटना

 Published : Jul 26, 2026 08:22 pm IST,  Updated : Jul 26, 2026 08:22 pm IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑटो ड्राइवर हाथी को गुड़ खिला रहा था। इसी दौरान हाथी हिंसक हो गया और ऑटो ड्राइवर को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसे पैर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

eLEPHANT aTTACK- India TV Hindi
हाथी के हमले में ऑटो ड्राइवर की मौत Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक हाथी ने ऑटो ड्राइवर को सूंड से उठाकर पटक दिया और पैर से कुचल दिया। हाथी के हमले के बाद पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गुड़ खिला रहे आटो चालक को भड़के हाथी ने सूंड में लपेटकर पैर से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर का है। घटना शनिवार शाम 4.30 बजे की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान 49 वर्षीय रिक्शा चालक विजय होल्कर के रूप में हुई है, जो ई सेक्टर राजनगर पुलिस चौकी के पास रहते हैं। जानकारी के अनुसार जैन समाज के मांगलिक कार्यक्रम में शामिल कुछ साधु उज्जैन से हाथी लेकर इंदौर आए थे। महावत हाथी लेकर भीख मांगने राजनगर पहुंचे। इसी दौरान विजय हाथी को गुड़ खिलाने लगा, तभी वह भड़क गया और विजय को सूंड में लपेटकर पटक दिया। इसके बाद उसकी छाती पर पैर रख दिया। इससे विजय गंभीर रूप से घायल हो गया।

हाथी का महावत गिरफ्तार

गंभीर रूप से घायल होने पर परिजन विजय को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से उन्हें महाराजा यशवंतराव अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिवार वाले निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर इलाज चलने के बाद विजय की मौत हो गई। विजय की मौत घटना के लगभग तीन घंटे बाद हुई। चंदन नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर हाथी के महावत को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अगर हाथी पूरी तरह से बेकाबू होता तो कई लोगों की मौत हो सकती थी और पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन जाता।

पुलिस अधिकारी का बयान

टीआई तिलक करोले ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। महावत से पूछताछ की जा रही है। हाथी के संबंध में इंदौर जू के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय विजय शराब के नशे में भी हो सकते हैं, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। लोग हाथी के हमले का वीडियो देखकर दहशत में हैं। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी हुई है।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

डिंडौरी में तेज रफ्तार का कहर, दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने से जोरदार टक्कर, हादसे में तीन की मौत

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बड़ा हादसा, बेकाबू कार तालाब में गिरी; गाड़ी में सवार सभी 5 लोगों की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।