1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर
  4. मध्‍य प्रदेश: इंदौर के रिहायशी अपार्टमेंट में लगी आग , दो बच्चों समेत सात झुलसे

मध्‍य प्रदेश: इंदौर के रिहायशी अपार्टमेंट में लगी आग , दो बच्चों समेत सात झुलसे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 05, 2019 08:49 am IST,  Updated : Sep 05, 2019 08:49 am IST

इंदौर के एक आवासीय अपार्टमेंट में यहां बृहस्पतिवार तड़के आग लगने से दो बच्चों समेत सात लोग झुलस गये। इस दौरान इमारत में फंसे 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

Indore Fire - India TV Hindi
Indore Fire 

इंदौर। इंदौर के एक आवासीय अपार्टमेंट में यहां बृहस्पतिवार तड़के आग लगने से दो बच्चों समेत सात लोग झुलस गये। इस दौरान इमारत में फंसे 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि आलापुरा इलाके के चार मंजिला अपार्टमेंट में आग लगने की शुरूआत पार्किंग क्षेत्र में रखे दोपहिया वाहनों से हुई। आग की लपटें देखते ही देखते अपार्टमेंट की पहली मंजिल तक पहुंच गयीं। उन्होंने बताया कि अपार्टमेंट की सीढ़ियों तक भी लपटें आ गईं जिससे बहुमंजिला भवन में रह रहे परिवार फंस गये। 

अफरा-तफरी के बीच अग्निशमन विभाग के दल ने अपार्टमेंट के बाहर और पड़ोसी इमारत से सीढ़ियां लगाकर आग में फंसे 14 लोगों को सुरक्षित बचाया। इस बीच, शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय के एक अधिकारी ने बताया कि अग्निकांड में सात लोग झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें छह वर्षीय एक बच्ची, 10 वर्षीय एक लड़का और दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों में शामिल 18 वर्षीय एक किशोरी की हालत गंभीर है। 

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संदेह है कि अपार्टमेंट में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। अग्निकांड में आठ दोपहिया वाहन जलकर बर्बाद हो गये। अग्निशमन विभाग के करीब तीन घंटे के अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। indore से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मध्य-प्रदेश