1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर: शिवराज सिंह चौहान ने सोनम के भाई से फोन पर की बात, सीबीआई को दिया जा सकता है लापता दंपति का केस

इंदौर: शिवराज सिंह चौहान ने सोनम के भाई से फोन पर की बात, सीबीआई को दिया जा सकता है लापता दंपति का केस

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 07, 2025 03:11 pm IST,  Updated : Jun 07, 2025 03:11 pm IST

रघुवंशी समाज का प्रतिनिधिमंडल शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करने के लिए पहुंचा था। इसके बाद उन्होंने फोन पर सोनम के भाई से बात की। रघुवंशी समाज की तरफ से यह केस सीबीआई को देने की मांग की गई।

Shivraj Singh- India TV Hindi
शिवराज सिंह ने सोनम के भाई से बात की Image Source : INDIA TV

हनीमून पर इंदौर से सिक्किम गए नवविवाहित जोड़े के लापता होने का केस सीबीआई को दिया जा सकता है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लापता सोनम के भाई से बातचीत की है। इसके बाद वह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ चर्चा कर सकते हैं। कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने शिलांग में मौजूद सोनम के भाई गोविंद से फोन पर बात की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। रघुवंशी समाज का प्रतिनिधिमंडल शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान यह मुद्दा उठाया गया। मुलाकात के दौरान इस केस को सीबीआई को सौंपने को लेकर भी बात हुई।

इंदौर के युवा कारोबारी राजा रघुवंशी शादी के बाद हनीमून मनाने के लिए पत्नी के साथ मेघालय के शिलांग गए थे। यहां से दोनों लापता हो गए। लापता होने के 11 दिन बाद खाई से राजा का शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया की राजा की हत्या पेड़ काटने वाले हथियार से की गई थी। पुलिस ने बाद में हत्या में उपयोग किया गया हथियार भी बरामद किया था।

अभी भी लापता है सोनम

राजा का शव बरामद हो चुका है, लेकिन सोनम अभी भी लापता है। एक सीसीटीवी वीडियो में दोनों को होटल के बाहर देखा गया है। इस वीडियो में सोनम वही कपड़े पहने नजर आ रही है, जो राजा के शव के पास मिले थे। आशंका जताई जा रही है कि सोनम की भी मौत हो चुकी है। सोनम का भाई लगातार शिलांग में बना हुआ है और सोनम की तलाश कर रही टीम के साथ संपर्क में हैं। राजा के परिजनों का कहना है कि उसके भाई का अपहरण करके लूट की नीयत से उसकी हत्या की गई है। 

मानव तस्करी का एंगल भी आया सामने

उत्तर पूर्वी राज्यों में मानव तस्करी का एंगल भी सामने आया है। सोनम के भाई ने कहा कि उन्हें अंदर से ऐसा लग रहा है कि सोनम जिंदा है। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने राजा की हत्या करके सोनम का अपहरण कर लिया और उसे बांग्लादेश ले गए। उन्होंने कहा था कि पुलिस सोनम का शव ढूंढ़ने की बजाय उसे तलाश करने की कोशिश करे।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।