1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी की धोनी से की तुलना, बताया भारतीय राजनीति का बेस्ट ‘फिनिशर’

राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी की धोनी से की तुलना, बताया भारतीय राजनीति का बेस्ट ‘फिनिशर’

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Apr 07, 2024 10:46 am IST,  Updated : Apr 07, 2024 10:47 am IST

राजनाथ सिंह ने मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि वे भारतीय राजनीति के बेस्ट 'फिनिशर' हैं।

Rajnath singh, Defence minister- India TV Hindi
राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री Image Source : PTI

 भोपाल: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना महेंद्र सिंह धोनी से करते हुए हुए कहा कि धोनी की तरह वह भी मैच को जल्दी खत्म करने में माहिर हैं। वे भारतीय राजनीति के बेस्ट फिनिशर हैं। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक चुनाव प्रचार रैली में अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार के साथ ‘‘अटूट’’ रिश्ता है। उन्होंने कहा, ‘‘ एक समय भारतीय राजनीति में कांग्रेस का दबदबा था, लेकिन अब केवल दो या तीन छोटे राज्यों में ही उसकी सरकार है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे कभी-कभी आश्चर्य होता है कि ऐसा क्यों हो रहा है, तो मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचता हूं। क्रिकेट में सबसे अच्छा ‘फिनिशर’ कौन है? (लोगों के जवाब देने के बाद) धोनी। अगर कोई मुझसे पूछता है कि भारतीय राजनीति में सबसे अच्छा ‘फिनिशर’ कौन है, तो मैं कहूंगा कि वह राहुल गांधी हैं। यही कारण है कि कई नेताओं ने कांग्रेस छोड़ दी है।’’ 

कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक दूसरे से जुड़े हैं-राजनाथ

इससे पहले की एक रैली में सिंह ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने कसम खाई है कि जब तक वह कांग्रेस को ‘खत्म’ नहीं कर देंगे, तब तक वह नहीं रुकेंगे। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार परस्पर एक दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा अधिकांश कांग्रेस सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में किसी भी मंत्री के खिलाफ ऐसा कोई आरोप नहीं लगा। 

एक राष्ट्र, एक चुनाव की वकालत-राजनाथ

रक्षामंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के साथ कांग्रेस के रिश्ते को सलमान खान अभिनीत फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के गाने ‘तू चल मैं आई’ से वर्णित किया जा सकता है। सिंह ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की भी वकालत की और दावा किया कि इससे समय और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कथन के विपरीत, एक साथ चुनाव होने से भारतीय लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव पांच साल में बस दो बार होने चाहिए- एक बार स्थानीय निकायों के लिए, उसके बाद विधानसभाओं और लोकसभा के लिए। 

भारत 2045 तक बनेगा महाशक्ति-राजनाथ

रक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ बड़ी वित्तीय कंपनियां भविष्यवाणी कर रही हैं कि भारत 2027 की शुरुआत तक दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पहले ही देश की अर्थव्यवस्था को शीर्ष पांच में ला दिया है जो 10 साल पहले 11 वें स्थान पर थी। सिंह ने कहा कि भारत 2045 तक महाशक्ति बन जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने कई वादे किए और अगर उनमें से कुछ वादे भी पूरे हुए होते तो भारत बहुत पहले ही एक शक्तिशाली देश बन गया होता। सिंह ने कहा कि दूसरी ओर, भाजपा ने दस वर्षों में अपने सभी वादे पूरे किए। 

बहनों और माताओं के साथ बीजेपी खड़ी है-राजनाथ

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे सभी घोषणापत्र देखें और हमने जो कहा वह किया। हम 1984 से कह रहे हैं कि हम (अयोध्या में) राम मंदिर का निर्माण करेंगे। विपक्ष तारीख मांग रहा था। अब प्राण प्रतिष्ठा (रामलाल की मूर्ति की) हो चुका है।’’ इसके साथ ही उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी ने अनुच्छेद 370 को निरस्त किया और तीन तलाक पर रोक लगाई। उन्होंने कहा, ‘‘ हम सभी बहनों और माताओं के साथ खड़े हैं, चाहे उनका धर्म कुछ भी हो। अगर बहनों और माताओं की गरिमा और अस्तित्व खतरे में है तो भाजपा उनके साथ खड़ी रहेगी, चाहे हमारी सरकार रहे या न रहे।’’ 

पड़ोसी देशों के साथ हम अच्छे संबंध चाहते हैं-राजनाथ

राजनाथ सिंह ने कहा कि तुष्टिकरण के लिए राजनीति नहीं की जानी चाहिए और भाजपा देश के निर्माण के लिए राजनीति कर रही है। यूपीए के कार्यकाल के दौरान आतंकी गतिविधियों का हवाला देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध चाहता है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहते हैं, क्योंकि अटल बिहारी वाजपेयी (पूर्व प्रधानमंत्री) कहते थे कि कोई अपने दोस्त बदल सकता है, लेकिन पड़ोसी नहीं। हम इस (सिद्धांत) का पालन करते हैं। लेकिन अगर कोई हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा देने की कोशिश करेगा तो हम उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।’’ सिंह ने कहा कि अगर उकसाया गया तो भारत अब कमजोर देश नहीं है और जरूरत पड़ने पर सीमा पार जाकर भी कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि देश पिछले दस वर्षों में यह प्रदर्शित कर चुका है। ( इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।