1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AFG संभावित XI, क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका, वरुण चक्रवर्ती की जगह किसी होगी एंट्री

IND vs AFG संभावित XI, क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका, वरुण चक्रवर्ती की जगह किसी होगी एंट्री

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Sep 15, 2026 12:58 pm IST,  Updated : Sep 15, 2026 12:58 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम आज श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में उतरेगी। भारत की प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव नजर आ सकते हैं। हालांकि बड़ा सवाल वैभव सूर्यवंशी को लेकर रहेगा।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : PTI

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज का दूसरा मैच आज खेला जाना है। पहला मैच टीम इंडिया जीत चुकी है। वैसे तो विनिंग कॉबिनेशन से छेड़छाड़ करना कप्तान पसंद नहीं करते हैं, लेकिन टीम इंडिया को आज मजबूरी में कम से कम एक बदलाव तो अपनी प्लेइंग इलेवन में करना ही पड़ेगा। इसके साथ ही सवाल ये भी है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जाएगा। वे पहला मैच नहीं खेल पाए थे। इस सवाल का जवाब तो शाम को सात बजे ही मिलेगा। 

वरुण चक्रवर्ती हो गए हैं चोटिल, आज रवि बिश्नोई को मिल सकता है मौका

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया आज अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा टी20 मुकाबला खेलने के लिए मैदान में उतरेगी। पहले मैच की तरह आज का मैच भी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि इस बीच टीम इंडिया को उस वक्त झटका लगा, जब मैच से ठीक एक दिन पहले स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टीम से बाहर हो गए। वे कुछ ही दिन पहले चोट से ठीक होकर वापस आए थे, लेकिन अब फिर से चोटिल हो गए हैं। हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन माना जाना चाहिए कि आज उनकी जगह रवि बिश्नोई को मौका दिया जा सकता है। वरुण की गैरमौजूदगी में बिश्नोई ही बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं। यानी कम से एक बदलाव तो प्लेइंग इलेवन में करना ही होगा। 

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड में किया था इंटरनेशनल डेब्यू

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड में पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर अपना डेब्यू तो कर लिया है, लेकिन वे अभी तक भारत में एक भी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेल पाए हैं। वैभव ने इंग्लैंड में डेब्यू किया और उसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ भी खेले, लेकिन जब भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मैच हुआ तो उन्हें बाहर बिठा दिया गया। ओपनिंग की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने संभाली। अभिषेक ने तो आक्रामक बल्लेबाजी कर भारत को जीत दिला दी, लेकिन संजू सैमसन एक बार फिर कुछ भी कर पाने में नाकाम रहे। संजू ने आठ बॉल में दस रन बनाए और चलते बने। 

शाम सात बजे कप्तान बताएंगे अपनी प्लेइंग इलेवन

अब कप्तान श्रेयस अय्यर क्या वैभव को भारत में पहला इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका देंगे या फिर इस मैच में भी संजू सैमसन ही खेलेंगे, ये देखना होगा। वैसे तो अगर संजू प्लेइंग इलेवन से बाहर जाएंगे तो कीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन संभाल सकते हैं, जो तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आते हैं। इसका फैसला तो शायद हो गया हो, लेकिन खुलासा शाम सात बजे ही होगा, जब दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान में आएंगे। 

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई। 

यह भी पढ़ें 

आज कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम अफगानिस्तान दूसरा टी20 मैच, टीवी और मोबाइल पर कैसे देखें लाइव

बाबर आजम को लेकर आई बड़ी खबर, 7 साल बाद घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलते आएंगे नजर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल