1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एमपी: स्कूल में 14 साल के छात्र ने छत से लगाई छलांग, दोनों पैर और रीढ़ की हड्डी टूटी, सामने आई वजह

एमपी: स्कूल में 14 साल के छात्र ने छत से लगाई छलांग, दोनों पैर और रीढ़ की हड्डी टूटी, सामने आई वजह

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Nov 29, 2025 11:51 am IST,  Updated : Nov 29, 2025 11:51 am IST

मध्य प्रदेश के रतलाम में एक 14 साल के छात्र ने छत से छलांग लगा दी। इस घटना में छात्र के दोनों पैर की हड्डी टूट गई और रीढ़ की हड्डी भी फ्रैक्चर हो गई है। इस घटना में छात्र की हालत गंभीर है।

Ratlam- India TV Hindi
रतलाम के बोधी स्कूल का मामला Image Source : REPORTER INPUT

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम स्थित एक निजी स्कूल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल के बच्चे ने स्कूल की छत से छलांग लगा दी, जिसमें उसके दोनों पैर और रीढ़ की हड्डी टूट गई। इस घटना में बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

क्या है पूरा मामला?

रतलाम शहर के एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय बोधी स्कूल में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र विशान कटारा ने स्कूल की ऊपरी मंज़िल से छलांग लगा दी। यह घटना सुबह लगभग 10:30 बजे की बताई जा रही है।

घटना में छात्र को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने उसे तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को चिंताजनक बताते हुए छात्र को रतलाम स्थित जीडी हॉस्पिटल रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है।

क्यों उठाया बच्चे ने ये कदम?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र को मोबाइल फोन रखने और सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर गुरुवार को स्कूल की ओर से समझाइश दी गई थी। इसी विषय पर चर्चा के लिए शुक्रवार को उसके माता-पिता को भी स्कूल बुलाया गया था।

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान छात्र अचानक वहां से निकलकर छत पर पहुंच गया और कुछ ही पलों में नीचे छलांग लगा दी। आशंका है कि छात्र ने यह कदम मानसिक दबाव और आवेश में आकर उठाया।

दोनों पैर टूटे और रीढ़ की हड्डी में आया फ्रैक्चर

चिकित्सा सूत्रों के अनुसार छात्र के दोनों पैरों की हड्डियां टूट चुकी हैं। रीढ़ की हड्डी में 8 से 10 फ्रैक्चर पाए गए हैं। फिलहाल छात्र की हालत गंभीर है, लेकिन डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है। पुलिस व शिक्षा विभाग मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद छात्र के परिजन परेशान हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।