1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश: सागर में चलती कार में लगी आग, डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक

मध्य प्रदेश: सागर में चलती कार में लगी आग, डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 21, 2026 01:57 pm IST,  Updated : Mar 21, 2026 02:40 pm IST

मध्य प्रदेश के सागर में एक चलती कार में आग लग गई, जिससे डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हालांकि परिजनों को इस घटना में हत्या का शक है।

car- India TV Hindi
चलती कार में लगी आग Image Source : REPORTER INPUT

सागर: मध्य प्रदेश के सागर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चलती कार में आग लग गई और उसमें डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हालांकि परिजनों ने इस घटना में हत्या का शक जताया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला सागर के गढ़ाकोटा रोड पर तड़के हुआ। इस घटना में पति सुरक्षित बच गया है। सागर जिले के गढ़ाकोटा रोड पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती कार में अचानक आग लग गई। इस घटना में कार में सवार डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि डॉक्टर समय रहते कार से बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, जिसके चलते पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतका सीमा कुर्मी के भाई लोकेश पटेल ने बताया कि उनकी बहन गढ़ाकोटा में रहती थीं। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनके जीजा डॉ. नीलेश कुर्मी का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि सीमा को हार्ट अटैक आया है और उन्हें इलाज के लिए राय अस्पताल ले जाया जा रहा है।

लोकेश के अनुसार, सूचना मिलते ही वे भी अस्पताल के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान उन्हें दोबारा फोन आया कि सानौधा के पास एक्सीडेंट हो गया है। इसके कुछ देर बाद तीसरी कॉल में बताया गया कि कार में आग लग गई है और सीमा उसमें जल गई हैं।

परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर संदेह जताया है। लोकेश पटेल का आरोप है कि सीमा और उनके पति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उन्होंने आशंका जताई है कि पहले सीमा को बेहोश किया गया या उनकी हत्या की गई और बाद में उन्हें कार में ले जाकर घटना को हादसे का रूप दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। (रिपोर्ट: टेकराम)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।