1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एमपी की इस सीट पर समधी-समधन के बीच मुकाबला, जानें किसने मारी बाजी

एमपी की इस सीट पर समधी-समधन के बीच मुकाबला, जानें किसने मारी बाजी

 Written By: Amar Deep
 Published : Dec 04, 2023 01:08 pm IST,  Updated : Dec 04, 2023 01:08 pm IST

मध्यप्रदेश की डबरा विधानसभा सीट पर समधी-समधन के बीच कांटे की टक्कर देखी गई। दरअसल, कांग्रेस ने सुरेश राजे को, जबकि भाजपा ने इमरती देवी को टिकट दिया था। दोनों आपस में समधी-समधन लगते हैं।

डबरा सीट पर समधी-समधन के बीच मुकाबला।- India TV Hindi
डबरा सीट पर समधी-समधन के बीच मुकाबला। Image Source : PTI

ग्वालियर: जिले की डबरा सीट मध्यप्रदेश की हॉट सीटों में से एक है। इस बार भी यहां का मुकाबला बेहद रोचक रहा। दरअसल यहां का मुकाबला सिर्फ भाजपा बनाम कांग्रेस ही नहीं समधी बनाम समधन भी हो जाता है। ऐसा तीसरी बार हुआ जब डबरा सीट पर समधी और समधन आमने-सामने आए। यहां हम बात कर रहे हैं कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे और भाजपा प्रत्याशी इमरती राजे की। दरअसल इमरती देवी के भाई की बेटी की शादी सुरेश राजे के बड़े भाई के बेटे से हुई है। ऐसे में ये दोनों आपस में समधी-समधन लगते हैं। 

दोनों के बीच रही कांटे की टक्कर

वहीं अगर इस बार के हुए विधानसभा चुनाव की बात करें तो कांग्रेस के प्रत्याशी सुरेश राजे ने भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी इमरती देवी को 2267 वोटों से हरा दिया है। एक समय तक तो दोनों में कड़ी टक्कर भी देखी जा रही थी, लेकिन आखिरी के समय में सुरेश राजे, इमरती देवी से आगे निकल गए और अंतत: इमरती देवी को हार से ही सब्र करना पड़ा। विधानसभा चुनाव 2023 में ग्वालियर की डबरा सीट पर 19 चरणों में काउंटिंग हुई। काउंटिंग के दौरान करीब 16वें राउंड तक दोनों में टक्कर देखी जा रही थी, लेकिन आखिरी के दो चरणों में सुरेश राजे आगे निकल गए। यहां सुरेश राजे को कुल 84717 वोट मिले जबकि इमरती देवी को 82450 वोट मिले।

कांग्रेस का रहा है दबदबा

बता दें कि डबरा सीट हमेशा से कांग्रेस का गढ़ मानी जाती रही है। यहां पर कांग्रेस पार्टी से ही चुनाव लड़कर इमरती देवी भी विधायक रह चुकी हैं। इमरती देवी ने साल 2008 में पहली बार डबरा सीट पर कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने 2013 और 2018 में भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और विजयी रहीं। 2018 में उन्हें मंत्री भी बनाया गया, लेकिन बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में जाने के बाद 2020 में ही हुए उपचुनाव में कांग्रेस के सुरेश राजे ने उन्हें हरा दिया और अब एक बार फिर 2023 में इमरती देवी को सुरेश राजे ने हरा दिया है। 

यह भी पढ़ें- 

सरकार बनाने के लिए शिवराज ने की जी-तोड़ मेहनत, यहां जानें उनके पिछले एक साल का हिसाब

कमलनाथ को भारी पड़ा 15 महीने का शासन? शिवराज ने नाकामियां गिनाकर ऐसे पलटी बाजी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।