1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP चुनाव: प्रचार के आखिरी दिन पीएम मोदी का संदेश, 'सिर्फ भाजपा बना सकती है 21वीं सदी का विकसित मध्य प्रदेश'

MP चुनाव: प्रचार के आखिरी दिन पीएम मोदी का संदेश, 'सिर्फ भाजपा बना सकती है 21वीं सदी का विकसित मध्य प्रदेश'

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Nov 15, 2023 02:51 pm IST,  Updated : Nov 15, 2023 02:51 pm IST

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान का आज आखिरी दिन है। शुक्रवार को राज्य की सभी सीटों के लिए एक साथ वोटिंग होगी। चुनाव से पहले पीएम मोदी ने एमपी की जनता के नाम खास संदेश भेजा है।

पीएम मोदी का एमपी की जनता को संदेश।- India TV Hindi
पीएम मोदी का एमपी की जनता को संदेश। Image Source : PTI

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 17 नवंबर को होने वाली है। राज्य में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन था। सभी पार्टियों ने इस चुनाव के लिए जमकर प्रचार किया है। अब पीएम मोदी ने प्रचार के आखिरी दिन मध्य प्रदेश की जनता से एक खास अपील की है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा है कि सिर्फ भाजपा 21वीं सदी का विकसित मध्य प्रदेश बना सकती है। 

स्नेह और आस्था ही पूंजी

पीएम ने अपने संदेश में लिखा- "मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए इस बार का प्रचार अभियान बल्कि जनता-जनार्दन से आशीर्वाद लेने का अभियान बहुत ही खास रहा। मैं राज्य के कोने-कोने में गया, अनेकों लोगों से मिला, संवाद किया। लोगों में भाजपा के प्रति जो स्नेह है, भाजपा पर जो आस्था है, वो हमारी बहुत बड़ी पूंजी है। मध्य प्रदेश की नारीशक्ति, इस चुनाव में आगे बढ़कर भाजपा का झंडा बुलंद कर रही है। जिस तरह महिला सशक्तिकरण भाजपा की प्राथमिकता है, उसी तरह महिलाओं ने भाजपा सरकार की वापसी को अपनी प्राथमिकता बना लिया है।"

21वीं सदी के मध्य प्रदेश की बात

पीएम ने अपने संदेश में एक विकसित मध्य प्रदेश की बात की है। उन्होंने लिखा- "आज की नई पीढ़ी, भारत के अगले 25 वर्षों और अपने 25 वर्षों को एक साथ जोड़कर देख रही है। और इसलिए विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के दायित्व को निभाने के लिए हमारे नौजवान भी कंधे से कंधा मिलाकर आगे आ रहे हैं। लोग का ये अटूट विश्वास है कि 21वीं सदी का विकसित मध्य प्रदेश सिर्फ भाजपा ही बना सकती है। एमपी के लोग डबल इंजन की सरकार के लाभ को देख भी रहे हैं और इसकी जरूरत को समझते भी हैं।"

कांग्रेस के पास कोई विजन नहीं

पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा- "रैलियों में मैंने ये भी देखा कि एमपी के लोग कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति और नकारात्मकता से कितने ज्यादा नाराज हैं। कांग्रेस के पास एमपी के विकास के लिए कोई विजन नहीं है, कोई रोडमैप नहीं है। मेरा एमपी के सभी मतदाताओं से आग्रह है कि विकसित एमपी के लिए, विकसित भारत के लिए, भाजपा को चुनें, कमल को चुनें।"

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: चुनाव प्रचार के आखिरी दिन हेलिकॉप्टर खराब होना मल्लिकार्जुन खरगे को पड़ा भारी! आमला में रद्द हुई सभा

ये भी पढ़ें- MP Election 2023: क्या कमलनाथ अपने गढ़ छिंदवाड़ा में ‘कमल’ को मुरझा पाएंगे? जानें सियासी समीकरण

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।