1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में भाजपा ने तीनों राज्यसभा सीट जीती, यहां देखें जीते हुए उम्मीदवारों की लिस्ट

मध्य प्रदेश में भाजपा ने तीनों राज्यसभा सीट जीती, यहां देखें जीते हुए उम्मीदवारों की लिस्ट

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 11, 2026 03:35 pm IST,  Updated : Jun 11, 2026 04:03 pm IST

मध्य प्रदेश में 3 राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में भाजपा के तीनों कैंडिडेट निर्विरोध जीत गए हैं और राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए हैं।

madhya pradesh bjp won all 3 rajya sabha seats- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PTI

राज्यसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी कामयाबी मिली है। राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध चुनाव जीत गए हैं। जानकारी के अनुसार, विधानसभा परिसर में विजयी उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंप दिया गया है।

कौन से 3 नेता राज्यसभा पहुंचे?

दरअसल, मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी का समय पूरा हो गया है। इसके साथ ही तीनों राज्यसभा सीटों पर बीजेपी उम्मीदवारों के निर्विरोध चुनाव का रास्ता साफ हो गया। कांग्रेस की ओर से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद चुनाव में मुकाबला खत्म हो गया था। इसके साथ ही भाजजा के उम्मीदवार तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए। जानकारी के अनुसार, तीनों उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र मिल गया है।​

मीनाक्षी नटराजन सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं

दूसरी ओर मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रद्द किए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा। मीनाक्षी नटराजन ने रिटर्निंग ऑफीसर के फैसले को चुनौती दी है। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी के फैसले को गलत, पक्षपातपूर्ण और कानून के विरुद्ध बताते हुए सुप्रीम कोर्ट से उसे तत्काल निरस्त करने की मांग की गई। सुप्रीम कोर्ट इस मामले में जल्द सुनवाई को तैयार हो गया है। जानकारी के अनुसार, जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस अतुल एस चंदूरकर की पीठ इस पर सुनवाई करेगी। हालांकि, कोर्ट ने राज्यसभा चुनाव के घोषित होने वाले नतीजे पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में तीनों राज्यसभा सीटों पर निर्विरोध चुनाव का रास्ता साफ हो गया। कोर्ट दायर याचिका पर 12 जून को सुनवाई करेगा।

कांग्रेस कर रही प्रदर्शन की तैयारी 

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को मध्य प्रदेश के सभी कांग्रेस विधायकों को दिल्ली बुलाया गया है। विधायक कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस मीनाक्षी नटराजन के मामले पर कल प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। सभी विधायक और सीनियर लीडर्स भी कल दिल्ली में रहेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रपति से भी मिलने के लिए समय मांगा गया है।

नियमों का उल्लंघन हुआ- जीतू पटवारी

इस पूरे मामले पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- "राज्यसभा के चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का पर्चा सभी नियमों का उल्लंघन करते हुए रिजेक्ट किया गया है। यह लोकतंत्र में मध्य प्रदेश को लेकर काला दिन है। इसे लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन अधिकारी के सामने सभी तथ्य रखे लेकिन वे नहीं माने गए। सुप्रीम कोर्ट ने इसे कल तक संज्ञान में लेने की बात कही है जिसे लेकर कोई निर्णय आएगा।"

ये भी पढ़ें- कौन हैं भाजपा नेता महेश केवट? कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद राज्यसभा जाना हुआ तय

रद्द हुआ मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन, BJP के महेश केवट निर्विरोध निर्वाचित, कांग्रेस को बड़ा झटका

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।