1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. भोपाल में प्रशासन ने क्यों चलाया 'ऑपरेशन क्रिस्टल ब्रेक'? 7 लोग गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

भोपाल में प्रशासन ने क्यों चलाया 'ऑपरेशन क्रिस्टल ब्रेक'? 7 लोग गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Subhash Kumar
 Published : Aug 18, 2025 10:02 pm IST,  Updated : Aug 18, 2025 10:04 pm IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 61.2 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया है। इस ड्रग्स की कीमत 92 करोड़ रुपये आंकी गई है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

bhopal drugs seized- India TV Hindi
भोपाल में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई। Image Source : REPORTER

भोपाल में अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। विशेष खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने भोपाल में एक गुप्त मेफेड्रोन निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई के दौरान 61.2 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया जिसकी कीमत 92 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस ऑपरेशन को ऑपरेशन क्रिस्टल ब्रेक नाम दिया गया था, जिसमें DRI के साथ सूरत और मुंबई पुलिस ने भी सहयोग किया। इस कार्रवाई के तहत मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तरप्रदेश में छापेमारी की गई और इस सिंडिकेट के सात प्रमुख लोगों को गिरफ्तार किया गया।

क्या-क्या जब्त किया गया?

दरअसल, 16 अगस्त 2025 को ग्राम जगदीशपुर (इस्लामनगर), तहसील-हुजूर, जिला-भोपाल स्थित अवैध फैक्ट्री से 61.20 किलो मेफेड्रोन (तरल रूप में) जब्त किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब ₹92 करोड़ आंकी गई। इसके अलावा 541.53 किलो कच्चा माल (जैसे मेथिलीन डाइक्लोराइड, एसीटोन, मोनोमीथाइलामीन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और 2-ब्रोमो) और पूरी प्रोसेसिंग मशीनरी भी बरामद हुई। फैक्ट्री एक सुनसान इलाके में बनाई गई थी और चारों तरफ से ढकी हुई थी ताकि पकड़ी न जाए। छापे के दौरान वहां काम कर रहे केमिस्ट और एक अन्य व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

कहां-कहां से गिरफ्तार हुए आरोपी?

यूपी के बस्ती से एक मुख्य सदस्य पकड़ा गया, जो मुंबई (भिवंडी) से भोपाल तक कच्चे माल की सप्लाई देखता था। मुंबई में दो सप्लायर और एक ट्रांसपोर्टर को भी पकड़ा गया। सूरत से हवाला के जरिए फंड ट्रांसफर करने वाले एक अन्य सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी सातों ने स्वीकार किया है कि वे भारत में बैठे अपने विदेशी सरगना और मेफेड्रोन नेटवर्क के किंगपिन के निर्देश पर काम कर रहे थे।

क्या होता है मेफेड्रोन?

मेफेड्रोन को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज़ (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत प्रतिबंधित किया गया है। यह एक खतरनाक मन:प्रभावी (psychoactive) पदार्थ है, जिसके असर कोकीन और एम्फ़ेटामाइन जैसा माना जाता है। पिछले एक वर्ष में DRI अब तक छह गुप्त मेफेड्रोन फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ कर चुका है। एजेंसी ने कहा है कि वह ऐसे अवैध कारखानों को खत्म करने और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट्स व उनके मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें- भोपाल में दो मस्जिदों को हटाने के आदेश पर विवाद, मुस्लिम संगठन ने कहा- 'मस्जिद पर अगर पैर भी रखा तो...'

दादी बनीं ड्रिप स्टैंड, एंबुलेंस को पड़ी धक्के की दरकार; सतना जिला अस्पताल की बदहाली का VIDEO आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।