1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश: इंदौर में सेना के मेजर की एक महिला ने बीच सड़क पर चप्पल से पिटाई की, VIDEO भी सामने आया, जानें वजह

मध्य प्रदेश: इंदौर में सेना के मेजर की एक महिला ने बीच सड़क पर चप्पल से पिटाई की, VIDEO भी सामने आया, जानें वजह

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Mar 02, 2026 12:48 pm IST,  Updated : Mar 02, 2026 12:48 pm IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक सेना के मेजर की बीच सड़क पर चप्पल से पिटाई हुई है। पिटाई को अंजाम देने वाली एक महिला है। दरअसल मेजर की कार से 4 से 5 वाहनों को टक्कर लग गई थी।

Indore army major- India TV Hindi
सेना के मेजर की बीच सड़क पर पिटाई Image Source : REPORTER INPUT

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सेना के एक मेजर की बीच सड़क पर एक महिला ने चप्पल से पिटाई की है। इस मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी जमा हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, मेजर की कार से 4 से 5 वाहनों को टक्कर लग गई थी। इस टक्कर से एक मासूम बच्चे समेत 3 लोग घायल हो गए।

इसके बाद घायल बच्चे की मां का गुस्सा मेजर पर टूट पड़ा और उसने मेजर की चप्पलों और लात घूसों से पिटाई कर दी। घटना के बाद महू इंदौर रोड पर घंटों तक जाम लगा रहा। आर्मी के मेजर की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाली पुलिस ने वाहन जब्त कर मेजर के खिलाफ कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला?

इंदौर के नजदीक महू ग्रामीण क्षेत्र में एक आर्मी मेजर की कार ने अनियंत्रित होकर चार से पांच वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। घायल बच्चे की मां का गुस्सा फूट पड़ा और उसने मेजर की चप्पलों से पिटाई कर दी। वहीं मौजूद अन्य लोगों ने भी आर्मी मेजर को लात-घूसों से पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हादसे के चलते महू-इंदौर रोड पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और आर्मी मेजर के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि आर्मी मेजर ने घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

सोशल मीडिया पर भी ये मामला काफी चर्चा में हैं और लोग कमेंट्स कर रहे हैं कि सेना के मेजर की इस तरह सड़क पर पिटाई, सेना का अपमान है। इस मामले में पुलिस से भी शिकायत की जा सकती थी लेकिन कानून को जनता ने अपने हाथ में लिया। (इनपुट: भरत पाटिल)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।