जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक युवती ने अपनी सहेली पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने सोमवार को इस मामले की जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि रविवार देर रात अवधपुरी कॉलोनी में 23 वर्षीय श्रद्धा दास पर हुए इस हमले के सिलसिले में उनकी 22 वर्षीय सहेली इशिता साहू को हिरासत में लिया गया है। शर्मा के अनुसार, श्रद्धा दास इस हमले में 40 से 45 प्रतिशत तक झुलस गई हैं और वर्तमान में उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Related Stories
दोनों युवतियां ज्ञानगंगा कॉलेज की छात्राएं हैं और आपस में दोस्त थीं। हालांकि, किसी कारणवश पिछले एक महीने से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। पुलिस ने बताया कि इस हमले के पीछे का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और मामले की जांच जारी है।
जबलपुर से ही सामने आई एक और घटना
मध्य प्रदेश के जबलपुर में अपराधियों की हिम्मत दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। एक दिल दहला देने वाली घटना में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए तालिबानी सजा दी। युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इस घटना ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। यह वारदात गोहलपुर थाना क्षेत्र के चंडाल भाटा इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि कुछ अपराधियों ने पहले युवक के कपड़े उतारे, फिर उसे जमीन पर लिटाकर लात-घूंसों से पीटा।
इतना ही नहीं, उन्होंने इस क्रूरता को रिकॉर्ड कर वीडियो को 'only surya malik shahar main' के कैप्शन के साथ सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से फैल रहा है। वीडियो में तीन-चार लोग पीड़ित पर हमला करते दिख रहे हैं। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद जबलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह घटना चंडाल भाटा क्षेत्र में हुई। पुलिस अब इन अपराधियों की पहचान करने के साथ-साथ उनके पिछले आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। (इनपुट: भाषा)