1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लेकर भागा था युवक, प्रेमिका ने ही बुलाकर पिटवा दिया; इंदौर के 6 लोग गिरफ्तार

टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लेकर भागा था युवक, प्रेमिका ने ही बुलाकर पिटवा दिया; इंदौर के 6 लोग गिरफ्तार

 Published : Apr 10, 2026 04:37 pm IST,  Updated : Apr 10, 2026 05:29 pm IST

मध्य प्रदेश के नीमच में टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लेकर भागने वाले युवक को उसकी प्रेमिका ने ही बुलाकर पिटवा दिया। युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में इंदौर के 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

madhya pradesh neemuch  car test drive fight- India TV Hindi
नीमच में शख्स से मारपीट का वीडियो वायरल। Image Source : REPORTER

मध्य प्रदेश के नीमच जिले से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के मनासा कस्बे में गुरुवार देर रात सड़क पर सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। इंदौर के एक कार शोरूम से गाड़ी चोरी कर भागे युवक को शोरूम मालिक और उसके साथियों ने लाठियों से बेरहमी से पीटा। घायल युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है।

शोरूम से गाड़ी लेकर हुआ था फरार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के गांव देवरी का रहने वाला 35 वर्षीय प्रकाश (पिता नाथूलाल नायक) 7 अप्रैल को इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित 'डेली ऑटोडील' शोरूम पर गया था। वहां उसने टेस्ट ड्राइव के नाम पर कार मांगी और उसे लेकर फरार हो गया। शोरूम मालिक और उसके साथी तभी से प्रकाश की तलाश कर रहे थे। तलाशी के दौरान उन्हें पता चला कि प्रकाश पिछले एक महीने से मनासा में किराए का कमरा लेकर रह रहा है।

प्रेमिका के जरिए बिछाया जाल

शोरूम मालिक और उसके साथियों ने प्रकाश को पकड़ने के लिए उसकी महिला मित्र रेणुका का सहारा लिया। रेणुका ने फोन करके प्रकाश को मिलने के लिए एक निश्चित जगह पर बुलाया। जैसे ही प्रकाश वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे इंदौर के तीन पुरुषों और तीन महिलाओं ने उसे घेर लिया। जब उनसे कार के बारे में पूछा गया तो प्रकाश ने कहा कि गाड़ी उसके पास नहीं है, उसने उसे बेच दिया है। यह सुनते ही सभी लोग भड़क गए और उस पर लाठियों से हमला कर दिया।

तड़पता रहा युवक, लोग बनाते रहे वीडियो

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर युवक को तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। प्रकाश बीच सड़क पर खून से लथपथ होकर मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन भीड़ में से कोई भी उसे बचाने आगे नहीं आया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

पुलिस ने इन आरोपियों को पकड़ा

मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार सुबह कार्रवाई करते हुए इंदौर निवासी एहसान, शुभम और शेखर के साथ ही दुर्गा, रेणुका और बबीता को हिरासत में लिया गया है। घायल प्रकाश ने अपनी प्रेमिका रेणुका पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। (रिपोर्ट: दिनेश नलवाया)

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: नशेड़ी पति ने पत्नी की हत्या की, 9 साल की बेटी के सामने किया हमला, फिर हुआ फरार

पत्नी ही निकली मिर्च व्यापारी की कातिल, प्रेमी के साथ मिलकर किया पूरा कांड; जांच में ऐसे हुआ बड़ा खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।