इंदौर: इंदौर की लसूड़िया पुलिस ने महज 48 घंटे में ढाई करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि शोरूम में काम करने वाले एक कर्मचारी ने अंजाम दिया था।
आरोपी ने शोरूम से महंगे एप्पल आईफोन चोरी किए, साथ ही मालिक के केबिन में बने मंदिर को भी नहीं छोड़ा और वहां से सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट व चांदी के सिक्के चुरा लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब ढाई करोड़ रुपये का पूरा माल बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला एबी रोड स्थित पटेल मोटर्स शोरूम का है, जहां 17 जून को करोड़ों रुपये के एप्पल आईफोन और कीमती धार्मिक आभूषण चोरी होने की शिकायत लसूड़िया थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज सहित तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महज 48 घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंच गई।
जांच में सामने आया कि शोरूम में हाउसकीपिंग का काम करने वाला 19 वर्षीय तलक्की बोरसरी ही चोरी का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरा राज उगल दिया। आरोपी ने कबूल किया कि उसने मौका पाकर शोरूम में रखे महंगे एप्पल आईफोन चोरी किए और बाद में मालिक के केबिन में बने मंदिर से सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट और चांदी के सिक्के भी चुरा लिए थे।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए एप्पल आईफोन, सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट, चांदी के सिक्के और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये का माल बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि उसने इससे पहले कहीं और तो वारदातों को अंजाम नहीं दिया है।
इस मामले में डीसीपी इंदौर अमन सिंह राठौर का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि 17 तारीख को पटेल मोटर्स के मैनेजर ने कंप्लेंट की थी कि उनकी दराज से आईफोन और कुछ चांदी के सिक्के चुरा लिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच में एक सफाई कर्मचारी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपराध कबूल किया। उसने माता के मंदिर से सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट भी चुरा लिया था, जिसकी कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपए है। (रिपोर्ट- भरत पाटिल)