1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 11 नए मामले, बहुत ही कम विद्यार्थी आए स्कूल

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 11 नए मामले, बहुत ही कम विद्यार्थी आए स्कूल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 27, 2021 08:41 pm IST,  Updated : Jul 27, 2021 08:41 pm IST

मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस के 11 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 7,91,767 तक पहुंच गयी।

Madhya Pradesh records 11 new COVID-19 cases- India TV Hindi
मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस के 11 नए मामले सामने आए। Image Source : PTI

भोपाल: मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस के 11 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 7,91,767 तक पहुंच गयी। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में किसी भी व्यक्ति की कोरोना से मौत नहीं हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 10,512 है। प्रदेश में वर्तमान में केवल 138 कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज उपचाराधीन हैं। 

मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में कुल 7,91,767 कोरोना संक्रमितों में से अब तक 7,81,117 मरीज स्वस्थ हो गये हैं। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में मंगलवार को 22,142 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाए गये। इसी के साथ प्रदेश में अब तक 2,90,70,647 लोगों को कोरोना वैक्सीन लग चुके हैं। 

वहीं, कोविड-19 महामारी के चलते कई महीनों तक स्कूल बंद रहने के बाद राज्य में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल फिर से खोले गये लेकिन बहुत ही कम छात्र-छात्राएं विद्यालय में उपस्थित रहे। स्कूल खुलने के पहले दिन कोरोना वायरस संक्रमण के डर से बहुत कम छात्र ही स्कूल आये। हालांकि, मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस के 15 से कम मामले आ रहे हैं। 

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध कई निजी स्कूलों ने विभिन्न कारण बताते हुए स्कूल नहीं खोले, जबकि मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के स्कूल खुले। मध्य प्रदेश में 47,000 से अधिक निजी स्कूल हैं। मध्य प्रदेश प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि कुछ स्कूलों में एक भी छात्र नहीं आया। किसी स्कूल में एक छात्र आया, जबकि किसी में पांच से 10 विद्यार्थी ही आये। 

मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश में 26 जुलाई से स्कूलों की 11वीं और 12वीं कक्षाओं को 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ फिर से खोलने के लिए शुक्रवार को एसओपी जारी की। इसके अलावा, कक्षा नौवीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में कक्षाएं पांच अगस्त से शुरु होंगी। एसओपी के अनुसार 11वीं के विद्यार्थी मंगलवार और शुक्रवार को सप्ताह में दो दिन स्कूल जाएंगे तथा 12वीं कक्षा के विद्यार्थी सोमवार और बृहस्पतिवार को सप्ताह में दो दिन स्कूल जाएंगे। वहीं, नौवीं कक्षा के विद्यार्थी शनिवार को तथा 10वीं कक्षा के विद्यार्थी बुधवार को स्कूल जायेंगे। इसके साथ ही ऑनलाइन कक्षाएं भी जारी रहेंगी। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।