खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा में एक बहू ने पति के साथ मिलकर ससुर की हत्या कर दी। मृतक ससुर को लेकर भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। वह बहू से रेप के आरोप में जेल जा चुका था। अब ताजा मामले में पुलिस ने आरोपी बेटा और बहू को गिरफ्तार किया है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
मध्य प्रदेश के खंडवा में बहू ने बेटे के साथ मिलकर अपने बुजुर्ग ससुर की पीट–पीटकर हत्या कर दी। ससुर पर आरोप था कि वह अपनी ही बहू से छेड़छाड़ व रेप करता था। इस मामले में ससुर को जेल की सजा भी काटनी पड़ी थी। इसके बावजूद ससुर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
एक दिन बहू ने अपने पति गणेश को इस बारे में बताया और कहा कि ससुर रमेश गोंड उससे छेड़खानी करता है। इसके बाद आवेश में आकर बेटे गणेश ने अपने ही पिता रमेश गोंड को पत्नी और एक दोस्त के साथ मिलकर जमकर पीटा। जिससे पिता की मौत हो गई।
बहू–बेटे ने मिलकर रमेश को मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद तीनों लोगों ने बुजुर्ग के शव को ठिकाने लगाने के लिए उसका अंतिम संस्कार करने की कोशिश की, तभी इस बात की भनक पिपलोद थाना पुलिस को लग गई और वह तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया।
खंडवा एसपी का सामने आया बयान
खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि तीनों ही आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। मृतक रमेश पर पहले भी बहू से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोप लगे थे, जिसके बाद उसे जेल तक जाना पड़ा था। (इनपुट: प्रतीक मिश्रा)