1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: इंदौर एयरपोर्ट पर सूखी घास में लगी भीषण आग, दूर-दूर तक दिखीं लपटें, छाया धुएं का गुबार

VIDEO: इंदौर एयरपोर्ट पर सूखी घास में लगी भीषण आग, दूर-दूर तक दिखीं लपटें, छाया धुएं का गुबार

 Published : Mar 05, 2026 07:45 am IST,  Updated : Mar 05, 2026 07:49 am IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में देवी अहिल्या बाई होल्कर एयरपोर्ट के गैर-परिचालन क्षेत्र में सूखी घास में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलकर कई किलोमीटर तक पहुंच गई, जिससे धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग की वजह से उड़ान सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा।

Indore airport fire, Devi Ahilya Bai Holkar Airport fire, Indore fire news- India TV Hindi
आग 10-12 किलोमीटर के इलाके में फैल गई थी। Image Source : ANI

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में देवी अहिल्या बाई होल्कर एयरपोर्ट के गैर-परिचालन क्षेत्र में बुधवार देर शाम सूखी घास में अचानक आग लग गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह आग आसपास के जंगल और परिसर में फैल गई, लेकिन अच्छी बात यह रही कि इससे कोई खास नुकसान नहीं हुआ और एयरपोर्ट से उड़ानें पूरी तरह सामान्य रूप से चलती रहीं। फायर सब इंस्पेक्टर रूपचंद पंडित ने घटना के बारे में जानाकरी देते हुए बताया, 'हमें सूचना मिली कि इंदौर एयरपोर्ट के अंदर घास वाले इलाके में आग लग गई है। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।'

'10-12 किमी इलाके में फैली है आग'

एयरपोर्ट पर आग लगने की खबर के बारे में जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और इसे बुझाने का काम शुरू किया। ANI से बात करते हुए एक मजदूर ने बताया, 'सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड भेजी गई। तब तक आग 5-6 किलोमीटर तक फैल चुकी थी, अब यह लगभग 10-12 किलोमीटर क्षेत्र में फैल गई है।' दूसरे मजदूर ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'हमें नहीं पता यह आग कैसे लगी। हमने इस बारे में सबको सूचना दी। अभी तक नहीं पता आग कितनी दूर तक फैली है। फायर ब्रिगेड आ गई है और सब मिलकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।'

आग लगने के कारणों का कुछ पता नहीं

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। सूखी घास में लगी आग आसपास के जंगल क्षेत्र में तेजी से फैली, जिससे दूर-दूर तक धुएं का गुबार और लपटें दिखाई देने लगीं। हालांकि, एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस घटना से उड़ान सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा और सभी विमान सामान्य रूप से उड़ान भरते और उतरते रहे। बताया जा रहा है कि प्रशासन और फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से किसी भी तरह का संभावित नुकसान टल गया। आगे की जांच जारी है ताकि आग लगने का सही कारण पता चल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।