मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में नशे पर अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही की गई है। मऊगंज पुलिस ने एक एमडी ड्रग्स बनाने वाले अवैध कारखाने का भंडाफोड़ किया है और मौके से चार आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। मऊगंज पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिझौली गांव में एक मकान किराए पर लेकर लगभग 5 से 6 महीना से एमडी ड्रग्स बनाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस दबे पांव घर में दाखिल हुई और अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गई।
किराए के घर में एमडी ड्रग्स बनाने वाले कैमिकल की खेप
सूचना को मऊगंज एसपी सुरेंद्र जैन ने गंभीरता से लेते हुए मऊगंज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, मऊगंज एसडीओपी सचि पाठक और थाना प्रभारी शाहपुर ऋषि द्विवेदी के साथ मिलकर स्वयं मौके पर पहुंचकर खुद इस मामले की पड़ताल की। इस दौरान जब पुलिस टीम उस संदिग्ध घर में पहुंची तब पुलिस खुद हैरान रह गई। क्योंकि अंदर का नजारा किसी केमिस्ट्री लैब जैसा दिखाई दे रहा था। कमरे में एमडी ड्रग्स बनाने वाले कई केमिकल, कांच के बीकर और जार मौजूद थे।
360 ग्राम एमडी ड्रग्स भी बरामद
इस दौरान पुलिस को कमरे में मौजूद तखत पर रखी एक पैकेट में लगभग 360 ग्राम एमडी ड्रग्स भी बरामद की, जिसे खुद मऊगंज एसपी सुरेंद्र जैन ने पास में रखी मशीन में वजन किया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है अब तक मिली जानकारी के अनुसार यह नेटवर्क मऊगंज से लेकर रीवा और मुंबई तक फैला था। यह लोग लोकल के साथ-साथ बड़े मार्केट में भी एमडी ड्रग्स की सप्लाई किया करते थे। पिछले 4 से 5 महीना में मऊगंज के लोकल मार्केट में भी कोरेक्स के साथ-साथ एमडी ड्रग्स के एंट्री की चर्चा भी तेजी से चल रही थी।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चंदन सिंह (उम्र 26 वर्ष), अशोक गुप्ता (उम्र 40 वर्ष), पीकचंद्र यादव (उम्र 21 साल), और ऋषभ सेन (उम्र 18 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। चारों ही आरोपी रीवा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अधीक्षक मऊगंज, सुरेंद्र जैन ने कहा- 'फिलहाल इस मामले में पड़ताल जारी है पुलिस अब पूरे नेटवर्क की खोज करने में लगी है। इसके अलावा यह भी पता किया जा रहा है कि आरोपी ड्रग्स बनाकर कहां सप्लाई करते थे और कहां से यह ड्रग्स बनाने के लिए केमिकल खरीदते थे।'
(रिपोर्ट- अशोक मिश्रा)
ये भी पढ़ेंः मध्यप्रदेश में नए वक्फ बोर्ड का गठन, पहली बार दो हिंदू सदस्यों की हुई नियुक्ति
मिसरोद में 10 बदमाशों ने मचाया उत्पात, तलवार और चाकू से शेफ समेत कई लोगों पर किया हमला