1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्यप्रदेश में नए वक्फ बोर्ड का गठन, पहली बार दो हिंदू सदस्यों की हुई नियुक्ति

मध्यप्रदेश में नए वक्फ बोर्ड का गठन, पहली बार दो हिंदू सदस्यों की हुई नियुक्ति

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 05, 2026 10:33 pm IST,  Updated : Jul 05, 2026 10:44 pm IST

मध्यप्रदेश में नए वक्फ कानून के तहत बोर्ड का पुनर्गठन किया गया है, जिसमें दो हिंदू सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। मनोज मालपानी और अनिमेष भार्गव को वक्फ बोर्ड का सदस्य बनाया गया है। 10 सदस्यीय बोर्ड में पहली बार हिंदू सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है।

mp news- India TV Hindi
मध्यप्रदेश में नए वक्फ बोर्ड का गठन। Image Source : MPWAQFBOARD.ORG

मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर मध्यप्रदेश में नए कानून के तहत नए वक्फ बोर्ड का गठन किया गया है और ये पहली बार है जब किसी राज्य के वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्यों की नियक्ति की गई है। जी हां, राज्य के पुनर्गठित वक्फ बोर्ड में दो हिंदुओं को भी सदस्य बनाया गया है। मध्यप्रदेश सरकार ने बोर्ड का पुनर्गठन करते हुए दो हिंदू सदस्यों की नियुक्ति की है। इंदौर के मनोज मालपानी और गुना के अनिमेष भार्गव को वक्फ बोर्ड में बतौर सदस्य शामिल किया गया है और राज्य सरकार की ओर से इसका अधिसूचना राजपत्र भी जारी कर दिया गया है, जिसके अनुसार सनवर पटेल बोर्ड के अक्ष्यक्ष होंगे। इसी के साथ मध्यप्रदेश वक्फ अधिनियम 1995 (संशोधित 2025) की धारा 13 और धारा 14 के प्रावधानों के तहत नए वक्फ बोर्ड का गठन करने वाला देश का पहला राज्य भी बन गया है।

सनवर पटेल होंगे अध्यक्ष

राज्य के नवगठित वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष की बात करें तो सनवर पटेल इसके अध्यक्ष होंगे, जो पिछले बोर्ड के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। बोर्ड में कुल 10 सदस्य शामिल किए गए हैं, जिनमें पहली बार दो हिंदुओं को सदस्य बनाया गया है। पुनर्गठित वक्फ बोर्ड की बात करें तो विधायक आतिफ अकील (भोपाल उत्तर), फैजान खान (उज्जैन), नजमा हेपतुल्ला (नई दिल्ली), शाइस्ता सुल्तान (पार्षद, बैरसिया), बहन फातेमा चौधरी (इंदौर), शबाना खान  (पार्षद, रतलाम), मनोज मालपानी (इंदौर), अनिमेष भार्गव (राघौगढ़, गुना) और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के आयुक्त को बोर्ड का सदस्य बनाया गया है।

mp news
Image Source : INDIA TVमध्यप्रदेश सरकार द्वारा जारी राजपत्र।

2028 तक जारी रहेगा नजमा हेपतुल्ला का कार्यकाल

राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना राजपत्र में साफ किया गया है कि नजमा हेपतुल्ला का कार्यकाल अभी जारी रहेगा। उनका चयन साल 2023 में वक्फ अधिनियम के तहत हुआ था और 18 अप्रैल 2028 तक उनका कार्यकाल जारी रहेगा। यही वजह है कि उन्हें बचे हुए कार्यकाल के लिए नए बोर्ड में भी शामिल किया गया है। बता दें, संशोधित वक्फ कानून 2025 के तहत नए वक्फ बोर्ड का गठन करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन चुका है और मनोज मालपानी और अनिमेष भार्गव को बोर्ड में बतौर सदस्य शामिल करना वक्फ बोर्ड के इतिहास में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ेंः शिवपुरी में बनेगा एशिया का सबसे बड़ा मिसाइल इकोसिस्टम, 2500 करोड़ के डिफेंस प्लांट की रखी गई नींव

मंदसौर में घर के अंदर बने कुएं से निकले 20 कोबरा सांप, 7 टैंकर पानी भरकर बाहर निकाला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।