मध्यप्रदेश के शिवपुरी में अब बड़ी और अत्याधुनिक मिसाइलें बनेंगी। जी हां, शिवपुरी में 9 दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी फैक्ट्री खुलने जा रही है, जिसकी नींव रखी जा चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मिलकर अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया, जिसकी लागत 2500 करोड़ बताई जा रही है। शिवपुरी के कोलारस में पाली के पास अडानी समूह द्वारा 2500 करोड़ रुपए की लागत से डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट आगामी तीन साल में तैयार होगा। इससे शिवपुरी का नाम न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि विश्व पटल पर चमकेगा। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार को शहर के पोलोग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में डिफेंस फैक्ट्री के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कही।
शिवपुरी में बनेंगी अत्याधुनिक मिसाइलें
शिलान्यास से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अडानी ग्रुप द्वारा प्रदर्शित मॉडर्न हथियारों और रक्षा उपकरण मॉडलों का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भगवान न करे, लेकिन जब भी देश की रक्षा के लिए युद्ध होगा तब शिवपुरी से हथियार व गोला-बारूद देश की सीमाओं पर जाएंगे। यहां के युवाओं की मेहनत से बने हथियार दुश्मन का सीना चीरेंगे और गोला बारूद दुश्मन को परास्त करने का काम करेंगे। इसी दौरान सीएम मोहन यादव ने 211 करोड़ से अधिक लागत के अलग-अलग विकास कार्यों का भी लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
2030 तक करीब एक लाख 20 हजार लोगों को रोजगार की योजना
कार्यक्रम में अडानी ग्रुप के डायरेक्टर जीत अडानी ने कहा कि हमारे समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने मध्यप्रदेश में 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए के निवेश करने की घोषणा कुछ साल पूर्व की थी। यह निवेश पंप हाइड्रो स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स और थर्मल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। हमारे ग्रुप का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक मप्र में करीब एक लाख 20 हजार लोगों को रोजगार मिल सकें।
आगामी तीन सालों में तैयार हो जाएगी डिफेंस फैक्ट्री
शिलान्यास से पहले मुख्यमंत्री डॉ यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आयोजन स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी में रखे हथियारों, मिसाइलों और अन्य डिफेंस इक्विपमेंट का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें फैक्ट्री में बनने वाले डिफेंस प्रोडक्ट्स, उनकी तकनीक व मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी की जानकारी दी। बता दें कि यह डिफेंस फैक्ट्री आगामी तीन सालों में तैयार हो जाएगी और फिर यहां पर गोला बारूद से लेकर मिसाइल सिस्टम तैयार होगा।
(रिपोर्ट--केके दुबे)
ये भी पढ़ेंः राम मंदिर में किए गए दान को वापस मांग रहे दिग्विजय सिंह, करेंगे कोर्ट केस; उज्जैन से अयोध्या तक पैदल भी जाएंगे