1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में रेत माफियाओं की गुंडई, वन आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, मौके पर मौत, अवैध खनन रोकने निकली थी टीम

मध्य प्रदेश में रेत माफियाओं की गुंडई, वन आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, मौके पर मौत, अवैध खनन रोकने निकली थी टीम

 Published : Apr 08, 2026 11:13 am IST,  Updated : Apr 08, 2026 11:18 am IST

चंबल नदी में अवैध खनन को रोकने के लिए वन आरक्षक की टीम पहुंची हुई थी। वन आरक्षक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश कर रहा था कि तभी उसकी कुचलकर हत्या कर दी गई।

वन आरक्षक की मौत- India TV Hindi
वन आरक्षक की मौत Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रेत माफियाओं की गुंडई एक बार फिर सामने आई है। अवैध रेत परिवहन रोकने की कोशिश कर रहे एक वन आरक्षक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दिमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे 552 पर रथोल का पुरा और रानपुर के बीच की हुई है।

अवैध खनन रोकने निकला था वन आरक्षक

जानकारी के अनुसार, अंबाह रेंज का वन विभाग का गश्ती दल रविवार सुबह अवैध रेत परिवहन को रोकने के लिए क्षेत्र में निकला था। इसी दौरान चंबल नदी के ऐसाह घाट से रेत भरकर आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर ने की। 

कुछ समय पहले हुआ था तबादला

आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाते हुए हरिकेश गुर्जर को बेरहमी से कुचल दिया और वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर जनकपुर का रहने वाला था। कुछ समय पहले ही उनका तबादला दूसरे जिले से अंबाह रेंज में हुआ था। 

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना के बाद वन विभाग का दल शव को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचा, जहां परिजनों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

लोगों में आक्रोश

घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों और परिजनों में भारी आक्रोश है। पुलिस फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी है और अवैध रेत खनन से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

उपेंद्र गौतम की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।