1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दगाबाज दुल्हन, जो कभी बनी निकहत तो कभी उर्वशी, हनीट्रैप में फंसाकर 2 युवकों से 3 करोड़ से ज्यादा ठगे

दगाबाज दुल्हन, जो कभी बनी निकहत तो कभी उर्वशी, हनीट्रैप में फंसाकर 2 युवकों से 3 करोड़ से ज्यादा ठगे

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Aug 23, 2025 08:31 pm IST,  Updated : Aug 23, 2025 08:31 pm IST

मध्य प्रदेश के खंडवा में एक दगाबाज दुल्हन के बारे में पता लगा है, जो हनीट्रैप में फंसाकर 2 युवकों से करोड़ों रुपए वसूल चुकी है। पुलिस इस महिला की तलाश में जुट गई है।

bride- India TV Hindi
आरोपी लुटेरी दुल्हन Image Source : REPORTER INPUT

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा से एक दगाबाज दुल्हन का भंडाफोड़ हुआ है। इस महिला ने दो युवकों को पहले हनीट्रैप में फंसाया और फिर उनसे निकाह भी कर लिया। दुल्हन यहीं नहीं रुकी, बल्कि इसने दोनों युवकों से लगभग 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया। शिकायत के बाद मोघट थाना पुलिस ने इस दगाबाज दुल्हन के खिलाफ केस दर्ज किया है और उसकी तलाश में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, खंडवा के रहने वाले एहतेशाम खान ने मोघट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी पत्नी निकहत हाशमी उसे पुलिस कंप्लेंट करने की बात कहकर डराती है, रुपयों के लिए धमकाती है और उससे कई बार रुपए ले चुकी है। 

युवक एहतेशाम ने बताया कि निकहत ने चार साल पहले हनीट्रैप का जाल बिछाकर दोस्ती की। फिर 2021 में शादी कर ली। शादी के 17 दिन तक वह घर में रही। अलग–अलग बहाने से उससे लाखो रुपये ठगे और 18 वें दिन निकहत घर में रखे सोने-चांदी के गहने व रुपए समेत साढ़े 7 लाख का माल बटोरकर फरार हो गई। 

एहतेशाम ने अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि इसके बाद महिला ने कोलकाता के ज्वेलरी व्यापारी को टारगेट किया। उसने पहले उर्वशी अग्रवाल के नाम से व्यापारी से दोस्ती की इसके बाद नरगिस बनकर उससे शादी की। शादी के दो माह बाद लड़की व्यापारी युवक से करोड़ रुपए वसूलकर कोलकाता से भी गायब हो गई। 

लड़की के पास दो नाम के फर्जी आधार कार्ड व मतदाता परिचय पत्र भी थे। पीड़ित एहतेशाम ने बताया एक दोस्त के माध्यम से लड़की से इंदौर में मेरी मुलाकात हुई थी। उसने अपना नाम निकहत बताया था। निकहत इंदौर में अपार्टमेंट में किराए से रहती थी। उसने कभी मां के इलाज के नाम पर तो कभी भाई-बहनों की पढ़ाई के नाम पर मुझसे 22 लाख रुपए ले लिए। फिर शादी के 17 दिन तक वह घर पर रही। 18 वें दिन वह घर से 5 लाख गहने व ढाई लाख नगद लेकर चली गईं। इसके बाद कोलकाता के लड़के को ठगा है।

पुलिस भी हैरान

यह पूरा वाकिया सुनकर पुलिस भी दंग रह गई फिर खंडवा निवासी एहतेशाम की शिकायत पर खंडवा के मोघट रोड थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वहीं कोलकाता के युवक के भी बयान पुलिस ने लिए हैं। घटना को लेकर खंडवा के सिटी एसपी अभिनव बारंगे ने बताया की एहतेशाम की शिकायत पर पत्नी निकहत के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। 

वहीं कोलकाता के युवक ने भी अपने बयान में बताया कि उसके साथ भी ठगी की गई है। उससे दो से तीन करोड़ रुपये का फ्रॉड किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, महिला आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। इस मामले में जल्द महिला को गिरफ्तार किया जाएगा। (इनपुट: खंडवा से प्रतीक मिश्रा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।