1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP Panchayat Election: पंचायत चुनाव में बीजेपी का दावा, 84 फीसद सीटों पर फतह, कांग्रेस ने दावे को बताया फर्जी

MP Panchayat Election: पंचायत चुनाव में बीजेपी का दावा, 84 फीसद सीटों पर फतह, कांग्रेस ने दावे को बताया फर्जी

 Edited By: Akash Mishra
 Published : Jul 16, 2022 10:33 pm IST,  Updated : Jul 16, 2022 10:33 pm IST

MP Panchayat Election: BJP की एमपी इकाई के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जिला पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थकों ने 84 फीसदी सीटें जीती हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने 52 जिला पंचायतों में से 44 में बहुमत हासिल किया है।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image Image Source : PTI

MP Panchayat Election: मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ BJP ने शनिवार को जिला पंचायत चुनावों में 84 प्रतिशत सीटें जीतने का दावा किया है। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस ने इन आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए करीब 50 फीसदी सीटें पार्टी समर्थकों के हिस्से में आने का दावा किया है। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल के दावे राजनीतिक रूप ये महत्वपूर्ण हैं क्योंकि करीब एक साल में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि, प्रदेश में पंचायत चुनाव दलीय आधार पर नहीं हुए हैं, ऐसे में 24 से 29 जुलाई के बीच जिला और जनपद पंचायतों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के बाद ही स्पष्ट होगा कि चुनावों में किसने बाजी मारी है। भाजपा ने यह भी दावा किया कि उससे जुड़े उम्मीदवारों ने जनपद पंचायतों में 74 प्रतिशत और 19,800 से अधिक सरपंच पदों पर जीत हासिल की है। 

विपक्षी नेताओं के गढ़ में BJP समर्थकों ने जीत हासिल की: BJP नेता 

BJP की एमपी इकाई के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जिला पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थकों ने 84 फीसदी सीटें जीती हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने 52 जिला पंचायतों में से 44 में बहुमत हासिल किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा ने जनपद पंचायत चुनाव में 74.44 प्रतिशत सीटें जीती हैं। उन्होंने कहा कि जिन 313 जनपद पंचायतों में मतदान हुआ था उनमें से 233 पंचायतों में भाजपा समर्थकों ने जीत हासिल की है। 

भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि 22,924 में से 19,863 या 87 प्रतिशत सरपंच पदों पर पार्टी समर्थकों ने जीत हासिल की है। शर्मा ने कहा कि इनमें से 650 सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थकों ने दिग्विजय सिंह और विपक्ष के नेता गोविंद सिंह सहित प्रदेश के अधिकांश कांग्रेस नेताओं के गढ़ में भी जीत हासिल की है।

BJP नेता पर फर्जी आंकड़े देने का लगाया आरोप 

कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने दावा किया कि कांग्रेस समर्थकों ने 875 में से 386 या 44 फीसदी जिला पंचायत सीटों पर जीत हासिल की है। इसके अलावा 129 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत मिली है। भाजपा नेता वीडी शर्मा पर फर्जी आंकड़े देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिला पंचायतों में और 125 सीटों पर जीत दर्ज करती अगर भाजपा ने पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग नहीं किया होता। 

उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों को कई जगहों पर पैसे बांटते देखा गया और पुलिस ने कांग्रेस समर्थकों के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज कर उन्हें परेशान किया। मिश्रा ने आरोप लगाया, ‘‘सत्ता का दुरुपयोग करके लोकतंत्र की हत्या की गई है। हम कानूनी सहारा लेंगे।’’ एक ट्वीट में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने चुनावों में अपनी पार्टी को समर्थन देने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।