1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर में दिवाली की रात मर्डर, शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, चाकू मारकर ली जान, आपराधिक चरित्र का था मृतक

इंदौर में दिवाली की रात मर्डर, शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, चाकू मारकर ली जान, आपराधिक चरित्र का था मृतक

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Oct 21, 2025 02:45 pm IST,  Updated : Oct 21, 2025 02:45 pm IST

पुलिस ने बताया कि राजा अपने कुछ साथियों के साथ पालदा इलाके के एक निजी बस डिपो के पास गार्ड रूम के बाहर शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान विवाद हुआ।

Indore, murder- India TV Hindi
इंदौर में मर्डर Image Source : REPORTER INPUT

इंदौर: इंदौर में दिवाली की खुशियां खून से रंग गईं। सोमवार देर रात पालदा इलाके में 10 से 12 बदमाशों ने अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घायल युवक को परिजन एमवाय अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें घायल युवक लड़खड़ाते हुए उठने की कोशिश करता नजर आता है। मृतक पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे।

मारपीट के बाद ताबड़तोड़ चाकूबाजी

आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेंद्र भदौरिया के मुताबिक यह घटना सोमवार देर रात करीब 1 बजे की है। मृतक की पहचान राजा सोनकर (30) पुत्र सतीश सोनकर, निवासी पारसी मोहल्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि राजा अपने कुछ साथियों के साथ पालदा इलाके के एक निजी बस डिपो के पास गार्ड रूम के बाहर शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान विवाद हुआ जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट और फिर चाकूबाजी में बदल गया। वारदात के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी वसीम और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने किया था जिलाबदर 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजा संयोगितागंज थाने का लिस्टेड बदमाश था। उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। कुछ समय पहले पुलिस ने उसे जिलाबदर किया था और उसकी अवधि 10 नवंबर को समाप्त होने वाली थी। बताया जा रहा है कि राजा ढोलक बजाने का काम करता था और दो दिन पहले ही वह पुलिस से बचकर अपने एक दोस्त के घर लौटा था ताकि दिवाली मनाई जा सके।

राजा के परिवार में पत्नी, एक बेटी, एक भाई और एक बहन है। पिता का निधन हो चुका है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बहन ने अपने ही चाचा के बेटे से विवाह किया था, जिसे लेकर राजा का उनसे विवाद हुआ था। उसने कुछ समय पहले चाचा के बेटे की दुकान में तोड़फोड़ भी की थी, जिसके बाद उसे शहर से बाहर भेज दिया गया था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और दिवाली की रात मातम में बदल गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।