1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. नरोत्तम मिश्रा ने मंच से SP को दी खुली चेतावनी, कहा- "दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं"; VIDEO वायरल

नरोत्तम मिश्रा ने मंच से SP को दी खुली चेतावनी, कहा- "दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं"; VIDEO वायरल

 Reported By: Anurag Amitabh Written By: Malaika Imam
 Published : Jul 16, 2026 02:55 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 03:05 pm IST

नरोत्तम मिश्रा ने मंच से दतिया कलेक्टर और एसपी को चेतावनी दी है। सामने आए वीडियो में नरोत्तम मिश्रा कह रहे कि एसपी साहब मैं भूलने वाला प्राणी नही हूं, याद रखता हूं।

Narottam mishra- India TV Hindi
डॉ. नरोत्तम मिश्रा Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक मंच से दतिया के एसपी और कलेक्टर को खुलेआम चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि वे किसी भी बात को भूलते नहीं हैं।

मंच से जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने सीधे एसपी को संबोधित करते हुए कहा, "SP साहब, मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं, याद रखता हूं। मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं। प्रेम और क्रोध, माइक की आवाज आप तक पहुंचेगी, मालूम है यह कह रहा हूं मैं।"

पूर्व गृहमंत्री ने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा, "आपने गाड़ियां तोड़ीं, हमारे पास इसके फुटेज हैं। आपको चक्काजाम खुलवाना था तो खुलवाते, लेकिन गैस के गोले कार्यालय में क्यों दागे? क्या कार्यालय की बिल्डिंग सड़क पर रखी थी?"

"निर्दोषों पर केस और पिटाई बर्दाश्त नहीं"

नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस को चेताया कि निर्दोष लोगों पर झूठे केस लादना और उनकी पिटाई करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को ढांढस बंधाते हुए कहा, "कार्यकर्ताओं, हम सब 3 तारीख तक का इंतजार कर रहे हैं। सब मजे लो, आनंद लो और आगे की लाइन लो। मैं तुम्हारे मन को समझने की कोशिश कर रहा हूं, तुम मेरे मन को समझने की कोशिश करो।"

बता दें कि दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया गया है। नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से उनके समर्थक हिंसक हो गए। समर्थकों ने हाइवे जाम कर दिया। वहीं, तोड़फोड़ भी की थी। 

दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग 30 जुलाई को होगी। इस उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा को शिकस्त दी थी। हालांकि, एक मामले में इसी वर्ष अप्रैल में भारती को अदालत द्वारा 2 साल की सजा सुनाई गई और उनकी सदस्यता चली गई। इसके बाद इस सीट पर चुनाव हो रहे हैं। इससे पहले साल 2008, 2013 और 2018 के चुनावों में लगातार तीन बार बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा यहां से चुनाव जीतकर विधायक बने थे।

ये भी पढ़ें-

सोनम वांगचुक के हेल्थ चेकअप पर दिल्ली HC का आदेश, सरकारी डॉक्टर करें नियमित जांच

जोधपुर की मंडोर ओपन जेल में गूंजेगी शहनाई, हाई कोर्ट के आदेश के बाद उम्रकैद के दो कैदी लेंगे सात फेरे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।