मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में रविवार की देर शाम यातायात पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक कार के शीशे में काली फिल्म चढ़ाए बिना नंबर प्लेट की गाड़ी चला रहा था। यातायात पुलिस ने युवक को ब्रांच स्कूल के पास धर दबोचा और काली फिल्म हटाने को कहा और नंबर प्लेट को लेकर पूछताछ शूरू कर दी, जिस पर युवक भड़क उठा और विरोध करते हुए हंगामा और बहसबाजी करने लगा। चेकिंग के दौरान रोके जाने पर युवक सूरज पटेल पुलिसकर्मियों से बहस और अभद्रता करने लगा, जिससे क्षेत्र में हंगामा खड़ा हो गया। लेकिन, पुलिस के सामने उसकी धौंस धरी की धरी रह गई।
दबंगई दिखा रहे युवक के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
युवक की दबंगई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह खुद को रसूखदार बताते हुए पुलिस को धमकाते नजर आ रहा है। चेकिंग के दौरान युवक ने यातायात पुलिस से बहस शुरू कर दी, जिसके बाद कोतवाली थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। नरसिंहपुर के कोतवाली थाने में शासकीय कार्य में बाधा और पुलिस से अभद्रता के आरोप में सूरज पटेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और इसी के साथ युवक की गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
यातायात पुलिस को दिखाई हेकड़ी
पूरा मामला नरसिंहपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां यातायात पुलिस चेकिंग के दौरान पुलिस ने सूरज पटेल नाम के शख्स को बिना नंबर प्लेट और शीशों पर काली फिल्म चढ़ाए जाने को लेकर रोका। कार्रवाई की बात सुनते ही युवक का पारा चढ़ गया और उसने यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी और स्टाफ के साथ अभद्रता शुरू कर दी और खुद को रसूखदार बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के सामने युवक की धौंस नहीं चल पाई और उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों की अनदेखी और दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ ऐसे ही कार्रवाई जारी रहेगी। बताया जा रहा है कि युवक कई दिनों से बिना नंबर प्लेट और कार के शीशों पर काली फिल्म लगाकर कार चला रहा था।
(रिपोर्ट- आलोक)
ये भी पढ़ेंः क्या है नागौद रॉयल फैमिली का इतिहास? राजा की पत्नी को सौतन ने मारी गोली, मचा हड़कंप