1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पैसे डबल करने के नाम पर 200 महिलाओं से करोड़ों रुपयों की ठगी, पुलिस ने नहीं लिया एक्शन तो SP ऑफिस में लगाई गुहार

पैसे डबल करने के नाम पर 200 महिलाओं से करोड़ों रुपयों की ठगी, पुलिस ने नहीं लिया एक्शन तो SP ऑफिस में लगाई गुहार

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jun 11, 2026 11:11 am IST,  Updated : Jun 11, 2026 11:11 am IST

मध्य प्रदेश के रीवा से एक आपराधिक मामला सामने आया है जिसमें करीब 200 महिलाओं के साथ करोड़ों रुपयों की ठगी हो चुकी है। अब महिलाओं ने एसपी से मदद की गुहार लगाई है।

Women in Rewa- India TV Hindi
रीवा में प्रदर्शन करती महिलाएं Image Source : IMAGE SOURCE-INDIA TV

रीवा में पैसा डबल करने के नाम पर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। करीब 200 महिलाओं ने आरोप लगाया है कि एक स्कूल संचालिका और उसके पति ने प्रॉपर्टी, एलआईसी और गोल्ड स्कीम में निवेश के नाम पर उनसे करोड़ों रुपये जमा कराए और तीन महीने में रकम दोगुनी लौटाने का वादा किया। आरोप है कि अब दंपत्ति फरार है और महीनों शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परेशान महिलाएं आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई।

एसपी ऑफिस पहुंची महिलाएं

रीवा के समान थाना क्षेत्र स्थित बाणसागर कॉलोनी की दर्जनों महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल संचालिका आकला सुल्ताना उर्फ नंदा और उसके पति असलम ने निवेश के नाम पर बड़ी रकम जमा करवाई। पीड़ितों का कहना है कि तीन महीने में पैसा दोगुना करने का लालच देकर उनसे लाखों-लाख रुपये लिए गए। भरोसा जीतने के लिए कुछ लोगों को चेक और एग्रीमेंट भी दिए गए, लेकिन समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली। महिलाओं ने कहा, 'हम लोगों ने भरोसा करके पैसा लगाया था। कहा गया था कि तीन महीने में रकम डबल होकर वापस मिलेगी, लेकिन अब तक पैसा नहीं मिला और आरोपी फरार हैं।' पीड़ित महिलाओं का दावा है कि केवल रीवा ही नहीं बल्कि सतना, जबलपुर, छतरपुर और प्रयागराज की महिलाएं भी इस कथित निवेश योजना का हिस्सा बनी थीं। महिलाओं के अनुसार कई परिवारों ने कर्ज लेकर निवेश किया था और अब कर्जदाता लगातार दबाव बना रहे हैं। उनका आरोप है कि लगभग नौ महीने पहले शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। 

धमकाने लगे हैं कर्जदार

महिलाओं ने कहा कि हमने कई बार शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब कर्जदार हमें धमकी दे रहे हैं। अगर पैसा वापस नहीं मिला तो हमारे सामने कोई रास्ता नहीं बचेगा। मामले में राजनीतिक संरक्षण के भी आरोप लगाए गए हैं। कुछ महिलाओं का कहना है कि कथित आरोपी अक्सर प्रभावशाली लोगों और नेताओं के नाम लेकर निवेश के लिए भरोसा दिलाते थे। हालांकि जिन नेताओं के नाम सामने आए हैं, उन्होंने पहले ही इन आरोपों को निराधार बताते हुए स्वयं को भी पीड़ित बताया है। फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गुरकरण सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों द्वारा दिए गए दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है और जांच के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

मामले पर क्या बोली पुलिस? 

इस मामले में एसपी गुरकरण सिंह ने कहा कि 'महिलाओं द्वारा निवेश के नाम पर पैसा लेने और दोगुना लौटाने का आरोप लगाया गया है। कुछ मामलों में चेक और एग्रीमेंट भी प्रस्तुत किए गए हैं। पूरे मामले की जांच सीएसपी को सौंपी गई है। दस्तावेजों के परीक्षण के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।' फिलहाल इस पूरे मामले में करोड़ों रुपये की ठगी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन आरोपों की जांच अभी जारी है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि पीड़ित महिलाओं को न्याय कब तक मिलता है और कथित आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

रिपोर्ट- अशोक मिश्रा (रीवा)

ये भी पढ़ें-दिव्या भारती की मौत के बाद रवीना टंडन को मिली थी मोहरा, 32 साल बाद दोनों हीरो संग कर रहीं फिल्म, दिखाई पुरानी फोटो

कभी वीर पहाड़िया पर जोक मार पिटते-पिटते बचे थे प्रणीत मोरे, अब 370 की बिरयानी पर बना तमाशा, बिग बॉस 19 में किया था खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।